श्रीनगर ,एजेंसी। कठुआ के बिलावर इलाके में पंजतीर्थी मंदिर के पास मंगलवार सुबह से सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एनकाउंटर चल रहा है। सेना की राइजिंग स्टार कॉर्प्स के मुताबिक यहां 3 आतंकी छिपे हुए हैं।
सुरक्षाबलों को सोमवार देर रात इलाके में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी, जिसके बाद सेना ने सर्चिंग शुरू की। आतंकियों ने फायरिंग की, जिसके बाद एनकाउंटर शुरू हो गया।
सुरक्षाबलों ने रातभर इलाके की घेराबंदी की, ताकि जंगल में छिपे 3 आतंकी भाग न सकें। हालांकि सुबह 7 बजे के बाद फायरिंग रुकी है, लेकिन आतंकियों की तलाश जारी है।
कश्मीर पुलिस DG नलिन प्रभात भी ऑपरेशन एरिया के पास मौजूद हैं। NSG, CRPF और BSF भी स्निफर डॉग्स के साथ-साथ ड्रोन से इलाके में आतंकियों की तलाश कर रही है।
बीते 9 दिनों में कठुआ में सुरक्षाबलों की आतंकियों से यह तीसरी मुठभेड़ है। पहली मुठभेड़ 23 मार्च को हीरानगर सेक्टर में हुई थी। सुरक्षाबलों को जैश-ए-मोहम्मद के प्रॉक्सी संगठन पीपुल्स एंटी फासिस्ट फ्रंट से जुड़े 5 आतंकवादियों के छिपे होने की खबर मिली थी, लेकिन वे भागने में कामयाब रहे थे।
28 मार्च दूसरी बार मुठभेड़ हुई। जिसमें 2 आतंकी मारे गए थे। इस दौरान ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के 4 जवान तारिक अहमद, जसवंत सिंह, जगबीर सिंह और बलविंदर सिंह शहीद हुए थे। इनके अलावा DSP धीरज सिंह समेत तीन जवान घायल हुए थे। उनका इलाज जारी है।

बिलावर इलाके में बना पंजतीर्थी मंदिर, जहां आतंकी सोमवार रात से छिपकर फायरिंग कर रहे हैं।
एक दिन पहले 30 मार्च को DIG शिव कुमार शर्मा ने कहा था- ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक आखिरी आतंकी मारा नहीं जाता। उन्होंने सीमा से सटे इलाके के लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों को दें।
