DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

शराब के लिए पैसे मांगे, इनकार किया तो जमकर पीटा

जांजगीर-चांपा पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, हॉकी स्टिक और डंडे जब्त

जांजगीर-चांपा। कोतवाली पुलिस ने शराब के लिए पैसे मांगने और मारपीट करने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हथियार भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान किशन चौरसिया (25 वर्ष) और करण कुमार चौरसिया (22 वर्ष) के रूप में हुई है। ये दोनों मुनुन्द, जांजगीर के निवासी हैं।

मुनुन्द जांजगीर निवासी पीड़ित हरीश गड़ेवाल ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 4 जनवरी को शाम लगभग 6 बजे जब वे नैला से अपने गांव जा रहे थे, तब आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली।

आरोपियों ने बाइक रोक मांगे पैसे

आरोपियों ने उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर, आरोपियों ने अपने पास रखी हॉकी स्टिक (बेसबॉल स्टिक) और लकड़ी के डंडे से हरीश के साथ मारपीट की।

पीड़ित की शिकायत पर अपराध दर्ज

रिपोर्ट मिलने के बाद, कोतवाली थाने में तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी के लिए एक पुलिस टीम गठित कर रवाना की गई।

पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों से दोनों आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने शराब के लिए पैसे मांगने और मना करने पर पीड़ित के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से दो बेसबॉल/हॉकी स्टिक और एक लकड़ी का डंडा जब्त किया है।

Exit mobile version