DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

ईरान के नतांज न्यूक्लियर प्लांट पर हमला:इस जंग में दूसरी बार निशाना बनाया गया, अभी रेडियोएक्टिव रिसाव की खबर नहीं

तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी,एजेंसी। अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का आज 22वां दिन है। ईरान के तसनीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, आज सुबह अमेरिका और इजराइल ने ईरान के नतांज न्यूक्लियर सेंटर पर हवाई हमला किया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि इस हमले में अभी तक किसी भी तरह का रेडियोएक्टिव (खतरनाक परमाणु) रिसाव नहीं हुआ है। इस इलाके के आसपास रहने वाले लोगों को कोई खतरा नहीं है।

इजराइल और अमेरिका ने इससे पहले 2 मार्च को भी इस प्लांट पर हमला किया था। यह ईरान का सबसे बड़ा न्यूक्लियर सेंटर है, यहां यूरेनियम इनरिचमेंट किया जाता है।

इसकी एक खास बात यह है कि इसका बड़ा हिस्सा जमीन के नीचे बना हुआ है। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि किसी हमले से इसे बचाया जा सके।

अमेरिका और इजराइल ने पिछले साल जून में भी इस न्यूक्लियर प्लांट पर हमला किया था।

अमेरिका और इजराइल ने पिछले साल जून में भी इस न्यूक्लियर प्लांट पर हमला किया था।

ईरान जंग से जुड़ी तस्वीरें…

इजराइल की एक सेल्फ-प्रोपेल्ड होवित्जर तोप ने शुक्रवार को लेबनान के दक्षिणी हिस्से की ओर गोले दागे।

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने गुरुवार को अमेरिकी F-35 फाइटर जेट को निशाना बनाया था।

ईरान ने गुरुवार रात इजराइल पर कई हवाई हमले किए।

कतर के रास लाफान गैस प्लांट पर गुरुवार को ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल हमले के दौरान भीषण आग लग गई।

ब्रिटेन ने डिएगो गार्सिया आइलैंड पर ईरानी हमले की निंदा की

ब्रिटेन ने उसके डिएगो गार्सिया आइलैंड पर ईरानी हमले की निंदा की है। ब्रिटेन का कहना है कि ईरान की ऐसी हरकतें इलाके के लिए खतरा हैं। हालांकि ये हमला कामयाब नहीं हुआ।

ब्रिटेन इस लड़ाई में खुद सीधे शामिल नहीं है, लेकिन उसने अमेरिका को अपने बेस इस्तेमाल करने दिए हैं।

ईरान पर हमले के लिए डिएगो गार्सिया इसलिए अहम माना जाता है क्योंकि यह हिंद महासागर के बीचों-बीच स्थित एक बड़ा सैन्य ठिकाना है। यहां से अमेरिका दूर तक और तेजी से सैन्य ऑपरेशन चला सकता है।

यह ईरान की राजधानी तेहरान से करीब 3,800 किलोमीटर दूर है। इतनी दूरी होने के कारण अमेरिका यहां से बिना सीधे खतरे के दायरे में आए लंबी दूरी के मिशन लॉन्च कर सकता है।

ईरान का दावा- इजराइली एयरपोर्ट पर हमला किया

ईरान की सेना इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा है कि उसने इजराइल के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर ड्रोन से हमला किया है।

उनका कहना है कि इस हमले से एयरपोर्ट का काम प्रभावित हुआ है। उड़ानें और सेना के विमानों में ईंधन भरने में दिक्कत आई है। हालांकि, अभी तक इस हमले की पुष्टि नहीं हुई है।

ईरान के रामसर शहर में घर पर हमला, बच्चे और माता-पिता की मौत

ईरान के रामसर शहर में रात के वक्त एक घर पर हमला हुआ, जिसमें एक बच्चे और उसके माता-पिता की मौत हो गई।

अधिकारियों का कहना है कि यह हमला अमेरिका और इजराइल ने किया। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे हमलों से ईरान के लोगों की एकता और मजबूत होगी।

बगदाद में ड्रोन हमले में अधिकारी की मौत

इराक की राजधानी बगदाद में एक ड्रोन हमले में एक अधिकारी की मौत हो गई है। यह हमला इराक की खुफिया एजेंसी के मुख्यालय के पास हुआ।

रिपोर्ट के मुताबिक, सुबह करीब 10:15 बजे एक ड्रोन गिरा, जिससे यह घटना हुई। अधिकारियों का कहना है कि यह हमला कुछ गैरकानूनी लोगों ने किया। इस हमले के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

ईरान का हिंद महासागर में अमेरिकी बेस पर हमला

ईरान ने शुक्रवार सुबह हिंद महासागर में स्थित अमेरिका-ब्रिटेन के जॉइंट सैन्य बेस डिएगो गार्सिया पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। CNN के मुताबिक अमेरिकी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।

उनके मुताबिक, ईरान ने 2 मिसाइलें दागीं, लेकिन कोई भी बेस को निशाना नहीं बना सकी। यह बेस ईरान के तट से लगभग 3810 किलोमीटर दूर है। तेहरान से इसकी दूरी 5 हजार किमी से भी ज्यादा है।

डिएगो गार्सिया अमेरिका के लिए बेहद अहम सैन्य ठिकाना है। इस बेस से अमेरिका अपने बॉम्बर प्लेन का इस्तेमाल करता है। यहां बड़े टैंकर विमान (जैसे KC-135) और निगरानी करने वाले विमान भी काम कर सकते हैं।

पीएम मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति से बात की, ईद की बधाई दी

पीएम मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान से फोन बात की और उन्हें ईद और नवरोज की बधाई दी।

उन्होंने उम्मीद जताई कि इस त्योहार के समय पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता आए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में जरूरी जगहों पर हो रहे हमले गलत हैं, क्योंकि इससे हालात खराब होते हैं और दुनिया के व्यापार पर असर पड़ता है।

उन्होंने यह भी कहा कि समुद्री रास्ते (जहाजों के रास्ते) सुरक्षित और खुले रहने चाहिए।

साथ ही, भारत ने ईरान का धन्यवाद किया कि वहां रह रहे भारतीय लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखा जा रहा है।

पुतिन ने ईरान को सच्चा दोस्त बताया, नवरोज की बधाई दी

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के लोगों को नवरोज की बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में रूस, ईरान के साथ खड़ा रहेगा और उसका सच्चा दोस्त है।

रूस ने यह भी कहा कि अमेरिका और इजराइल के हमलों से मिडिल ईस्ट में हालात खराब हो गए हैं और दुनिया में तेल का संकट बढ़ सकता है।

साथ ही, रूस ने ईरान के नेता अली खामेनेई की हत्या को गलत बताया है।

ईरानी सेना के प्रवक्ता का शव कोम शहर लाया गया

ईरान के सेना प्रवक्ता अली मोहम्मद नैनी के शव को लोगों के श्रद्धांजलि देने के लिए कोम लाया गया है।

बाद में उनका अंतिम संस्कार काशान में किया जाएगा। इससे पहले तेहरान में भी उन्हें श्रद्धांजलि दी गई थी। उनकी मौत कल अमेरिका और इजराइल के हमले में हुई थी।

Exit mobile version