सक्ती। सक्ती जिले के हसौद में नकली नोट छापकर बाजार में चलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 100 और 500 रुपए के कुल 79 नकली नोट बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत 17,500 रुपए बताई गई है। पुलिस ने नोट छापने में इस्तेमाल किया गया कलर प्रिंटर, अन्य सामग्री और वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे नीले रंग की एक्टिवा से दो युवक हसौद के बजरंग चौक स्थित डेली नीड्स दुकान पहुंचे थे। दोनों ने दुकान में नकली नोट चलाने की कोशिश की, लेकिन दुकानदार ओम साहू (19) ने नोट पहचान लिया। इसके बाद दोनों वहां से लौट गए।
ओम साहू ने 27 अक्टूबर को हसौद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर जांच और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

घर में कलर प्रिंटर से छापे थे नकली नोट
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी चंद्रपुर (डभरा) सुमित गुप्ता के मार्गदर्शन में हसौद पुलिस की टीम ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम कोसीर में दबिश दी। पूछताछ के बाद पुलिस ने नरेश कुमार आदित्य (36) और संजय आदित्य (30), निवासी कहरापारा, ग्राम कोसीर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि संजय आदित्य के घर में रखे कलर प्रिंटर से चार-पांच दिन पहले 100 और 500 रुपए के करीब 80 नकली नोट छापे थे। इनमें से कुछ नोट बाजार में चलाने के लिए दोनों 23 अक्टूबर को हसौद पहुंचे थे, लेकिन दुकानदार के पहचान लेने पर वापस लौट गए।
79 नकली नोट और छपाई का सामान जब्त
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 100 और 500 रुपए के कुल 79 नकली नोट जब्त किए। इसके अलावा कलर प्रिंटर, स्केल, कटर, गोंद, हरे रंग का चमकीला टेप, ए-4 आकार के फोटो पेपर, नोटों की छपाई के लिए तैयार दो फ्रेम और अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 13 AZ 9089 भी जब्त की है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 178, 179, 180, 181 और 3(5) के तहत कार्रवाई की। दोनों को 28 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
