कोरबा। कोरबा के केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की सतर्कता से गेवरा खदान क्षेत्र में डीजल चोरी का बड़ा प्रयास विफल हो गया। सीआईएसएफ की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) ने गश्त के दौरान डोजर से डीजल निकाल रहे दो युवकों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

आरोपियों के कब्जे से करीब 60 लीटर डीजल और चोरी में इस्तेमाल किया गया पाइप बरामद किया गया। दोनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दीपका थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
गश्त के दौरान दिखी संदिग्ध गतिविधि
घटना मंगलवार रात करीब 10:30 बजे की है। सीआईएसएफ इकाई गेवरा की क्यूआरटी टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान गणेश डंपिंग क्षेत्र में खड़े डोजर क्रमांक-911 के पास कुछ संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। जवान मौके पर पहुंचे तो कुछ लोग वाहन में सवार होकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
दो आरोपी मौके से दबोचे गए
सीआईएसएफ जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दो आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान कमल सिंह कंवर (24), निवासी पिंजरी झाबर और ओम प्रकाश (30), निवासी चेतमा, पाली रोड के रूप में हुई। दोनों डोजर से डीजल चोरी करने का प्रयास कर रहे थे।
60 लीटर डीजल और पाइप बरामद
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से डीजल निकालने में इस्तेमाल होने वाला लंबा पाइप और करीब 60 लीटर डीजल बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने डीजल चोरी के प्रयास की बात स्वीकार कर ली।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
सीआईएसएफ ने दोनों आरोपियों को दीपका थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, फरार हुए अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। उनकी पहचान के लिए खदान क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
24 घंटे निगरानी का दावा
सीआईएसएफ अधिकारियों ने बताया कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों और राष्ट्रीय संपत्तियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए खदान क्षेत्र में 24 घंटे गश्त, सीसीटीवी निगरानी और औचक जांच की व्यवस्था की गई है। इसी सतर्कता के चलते डीजल चोरी की इस बड़ी कोशिश को समय रहते विफल किया जा सका।
