जांजगीर। जिले में लोगों के लिए राहत की खबर है। लोक निर्माण विभाग ने बिलासपुर मंडल के अंतर्गत जांजगीर-चांपा और आसपास के क्षेत्रों में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों के लिए मंजूरी दी है।
प्रस्तावित कार्यों में सड़कों का डामरीकरण, शहरी यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डिवाइडर और नाली निर्माण के साथ-साथ जांजगीर के ऑडिटोरियम भवन का व्यापक नवीनीकरण शामिल है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा। माह भर पहले जिले में डीएफएफ फंड निर्माण की मंजूरी दी गई थी। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य एजेंसियों को आदेश जारी किए जाएंगे और तय समय सीमा में निर्माण पूरा कराया जाएगा। योजना के अनुसार शहर स्थित लाइवलीहुड कॉलेज परिसर में 500 सीटर ऑडिटोरियम भवन का आंतरिक और बाहरी नवीनीकरण किया जाएगा। इसके लिए करीब 1 करोड़ रुपए की लागत तय की गई है।

शहर की सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था में अब सुधार होगा शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल बीटीआई चौक नहर पुल से खोखसा आरओबी तक यातायात को व्यवस्थित करने के लिए सड़क विभाजक (डिवाइडर) बनाया जाएगा। साथ ही करीब 1310 मीटर लंबी आरसीसी नाली का निर्माण भी प्रस्तावित है। इस कार्य पर 50.88 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। मार्ग लंबे समय से व्यस्त यातायात और जल निकासी की समस्या से प्रभावित रहा है। निर्माण कार्य के बाद दुर्घटनाओं में कमी और बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति में सुधार की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग, बिलासपुर मंडल के अनुसार सभी कार्यों के लिए निविदा प्रक्रिया 8 जून तक पूरी की जाएगी। इसके बाद तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर संबंधित एजेंसियों को कार्यादेश जारी किया जाएगा। कई कार्यों में निर्माण के बाद रखरखाव की जिम्मेदारी भी संबंधित एजेंसी को दी जाएगी।
