DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

ऑस्ट्रेलिया ने लगातार नौवां टी-20 जीता:साउथ अफ्रीका को 17 रन से हराया, डार्विन ग्राउंड पर पहली जीत, टिम डेविड ने 83 रन बनाए

डार्विन,एजेंसी। ऑस्ट्रेलिया ने टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका पर 17 रन से हरा दिया। यह कंगारुओं की टी-20 में लगातार 9वीं जीत है।

इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। सीरीज का दूसरा मुकाबला 12 अगस्त को डार्विन ग्राउंड पर खेला जाएगा। इस मैदान पर रविवार को पहली बार टी-20 इंटरनेशनल मैच खेला गया। इतना ही नहीं, यहां 18 साल बाद इंटरनेशनल मुकाबले की वापसी भी हुई।

टॉस हारकर बैटिंग करने उतरी ऑस्ट्रेलिया 20 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम ने एक समय टीम ने 75 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में टिम डेविड ने स्कोर 150 पार पहुंचाया। उन्होंने 52 बॉल पर 83 रनों की आक्रामक पारी खेली। इस पारी में 4 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। साउथ अफ्रीका की ओर से क्वेना मफाका ने 4 विकेट झटके। कगिसो रबाडा को 2 विकेट मिले।

179 रन चेज कर रही साउथ अफ्रीका 20 ओवर में 9 विकेट पर 161 रन ही बना सकी। ओपनर रायन रिकेल्टन ने 55 बॉल पर 71 रन बनाए, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। ऑस्ट्रेलिया से जोश हेजलवुड और बेन ड्वार्शिस ने 3-3 विकेट झटके। एडम जम्पा को 2 विकेट मिले।

11 महीने से टी-20 नहीं हारा ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलियाई टीम पिछले 11 महीने से कोई टी-20 मैच नहीं हारी है। टीम को आखिरी हार 13 सितंबर 2024 कार्डिफ में इंग्लैंड के खिलाफ मिली थी। उसके बाद कंगारू टीम ने लगातार 9 मुकाबले जीते हैं। कंगारुओं ने इससे पहले वेस्टइंडीज को उसी के घर में 5 मैचों की सीरीज में 5-0 से हराया था।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, कैमरून ग्रीन, जोश इंग्लिस (विकेट कीपर), टिम डेविड, ग्लेन मैक्सवेल, मिचेल ओवन, बेन ड्वार्शिस, नाथन एलिस, एडम जम्पा और जोश हेजलवुड।

साउथ अफ्रीका: ऐडन मार्करम (कप्तान), रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), डेवाल्ड ब्रेविस, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, ट्रिस्टन स्टब्स, जॉर्ज लिंडे, सेनुरन मुथुसामी, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, क्वेना मफाका और लुंगी एनगिडी।

Exit mobile version