DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

खैरभवना में धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत जागरूकता एवं लाभ संतृप्ति शिविर का आयोजन

कोरबा । जनपद पंचायत कटघोरा के अंतर्गत ग्राम खैरभवना में धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता एवं लाभ संतृप्ति शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य क्षेत्र के जनजातीय वर्ग के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना है।


कार्यक्रम की शुरुआत महान जननायक बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई, जिसमें ग्राम के सरपंच, उपसरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। शिविर में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने अभियान की महत्ता पर प्रकाश डाला और शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर, आयुष्मान कार्ड पंजीयन, राशन कार्ड ,पेंशन योजनाएं जाति प्रमाण पत्र, वन अधिकार पत्र, सिकल सेल परीक्षण आदि सुविधाएं एक ही स्थान पर प्रदान की गईं। सभी विभागों के प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता ने शिविर को विशेष रूप से लाभकारी बनाया।


शिविर में वंचित व पात्र हितग्राहियों से मौके पर ही आवेदन लेकर उनके त्वरित समाधान के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए। विशेषकर जनजातीय समुदाय के लोगों को प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को उनके लंबित कार्यों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
शिविर का मूल उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में शासन की योजनाओं की पहुंच बढ़ाना, और प्रत्येक हितग्राही को उसका अधिकार दिलाना है। ग्रामीणों ने शिविर के आयोजन की सराहना की और शासन के प्रति आभार माना।

Exit mobile version