कोरबा। बाल विवाह मुक्त जिला घोषित करने के उद्देश्य से जिले में चल रहे जन जागरूकता अभियान को जनसमर्थन मिल रहा है। इसके तहत स्कूलों में भी छात्र-छात्राओं से शपथ दिलाई जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार अब तक जिले के 60 स्कूलों में 11 हजार 306 बच्चों ने बाल विवाह नहीं करने की शपथ ली है।
बाल अधिकारों की सुरक्षा और बाल विवाह की रोकथाम के लिए यह एक सराहनीय पहल मानी जा रही है। कार्यक्रमों के संचालन में जिला बाल संरक्षण इकाई, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन का संयुक्त योगदान रहा। जिले में आगे भी इस अभियान को और व्यापक स्तर पर चलाने की योजना बनाई गई है, ताकि कोरबा को जल्द ही बाल विवाह मुक्त जिले के रूप में स्थापित किया जा सके।
