रायपुर ,एजेंसी। हिम्मत है तो दीपक बैज पर FIR करिए। ये कहते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सोशल मीडियो पर अपना वीडियो अपलोड किया है। बैज ने चुनौती भारतीय जनता पार्टी सरकार को दी है। उन्होंने धान खरीदी केंद्रों में कई तरह की गड़बड़ियों का दावा किया है। ये भी कहा कि अगर वो गलत हैं तो उन पर FIR कर दी जाए। दूसरी तरफ कांग्रेस अध्यक्ष के इन दावों को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरणदेव ने झूठा बताया है।
बैज ने ये बयान रायपुर में मीडिया को दिया। बैज ने कहा- 20% धान खरीदी केंद्र ऐसे हैं जहां पर 21 क्विंटल धान लिया जा रहा है। बाकि के 80 प्रतिशत केंद्रों में कहीं 6 क्विंटल 8 क्विंटल 14 क्विंटल इस तरह से धान खरीदी हो रही है। ऊपर से सरकार अपनी नाकामी को छुपाने के लिए विपक्ष के नेताओं को डराने का काम कर रही है। FIR की धमकी दे रही है। मैं इस सरकार को चुनौती दे रहा हूं समिति वार खरीदी केंद्रों की अनावरी रिपोर्ट ṇ(कहां कितना धान लिया गया इसकी रिपोर्ट) सार्वजनिक करें।

प्रदेश में 14 नवंबर से धान खरीदी चल रही है।
बैज वीडियो में आगे ये कहते दिख रहे हैं- कि हिम्मत है तो रिपोर्ट सार्वजनिक करिए दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। 3100 रुपए किसानों को देने का वादा किया था और 2300 रुपए खाते में डाला जा रहा है । हमने क्या गलत कहा, चोरी और और सीना जोरी न करे भाजपा ये नहीं चलेगा।
बैज झूठ बोल रहे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने धान खरीदी के मुद्दे पर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज पर जमकर निशाना साधा है। देव ने कहा कि बैज समेत सभी कांग्रेस नेता धान खरीदी के मुद्दे पर लगातार झूठ बोलकर प्रदेश के किसानों को गुमराह करने और प्रदेश में येन-केन-प्रकारेण अराजकता फैलाने के टूलकिट एजेंडा पर चल रहे हैं।
भाजपा प्रदेशअध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि सत्ता के लिए बौखलाती कांग्रेस ने पहले महतारी वंदन योजना को लेकर लगातार झूठ बोला। जब भाजपा सरकार ने तथ्यों के साथ कांग्रेस के झूठ की धज्जियाँ उड़ाई तो अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर नया टूलकिटिया एजेंडा चलाया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बैज को झूठा बताया।
किरणदेव ने कहा- जब कांग्रेस के लोग ही अमूमन हर बड़े अपराध में संलिप्त पाए जाकर बेनकाब होने लगे, कानून के शिकंजे में जब खुद कांग्रेसी या उनके करीबी आने लगे तब अपने ही बुने षड्यंत्रों के जाल में फँसकर कांग्रेस छटपटाने लगी। महतारी वंदन और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर मुँह की खाने के बाद भी कांग्रेस अपनी ओछी और साजिशाना राजनीति से बाज नहीं आ रही है और अब वह धान खरीदी के मुद्दे पर फिर झूठ की राजनीति करने पर आमादा है। कांग्रेस को कोई भी आक्षेप लगाने से पहले अपने गिरेबाँ में झाँकना चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के किसानों को लगातार 5 वर्षों तक धान खरीदी का पैसा हमेशा किश्तों में दिया जाता था। कभी भी किसानों को उनकी उपज का एकमुश्त भुगतान पिछली भूपेश सरकार ने नहीं किया जिसकी वजह से किसान कोई बड़ा काम नहीं कर पाता था। सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी कर रही है और 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान का भुगतान किसानों को एकमुश्त किया जा रहा है।
अब तक कितनी धान खरीदी छत्तीसगढ़ में धान 14 नवम्बर सें शुरू हुए धान खरीदी का सिलसिला जारी है। राज्य में 14 नवम्बर से अब तक करीब 18.09 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान की खरीदी हो चुकी है। राज्य में अब तक 3.85 लाख किसानों ने अपना धान बेचा है। धान खरीदी के एवज में इन किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 3706 करोड़ 69 लाख रूपए का भुगतान किया गया है। धान खरीदी का यह अभियान 31 जनवरी 2025 तक चलेगी।
3 दिसंबर को कांग्रेस का सोसाइटी चलो अभियान:भूपेश-बैज समेत सीनियर नेता सोसाइटियों का लेंगे जायजा, सरकार को बताएंगे कमियां
छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी एक बार भी साय सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी में है। 3 दिसंबर को कांग्रेस पार्टी प्रदेश के सभी जिलों में सोसाइटी चलो अभियान चलाएगी। इस अभियान के जरिए कांग्रेस पार्टी के तमाम बड़े नेता कार्यकर्ता अलग-अलग धान सोसाइटी में जाएंगे। वहां क्या स्थिति है इसकी जानकारी लेंगे।
