DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बैज बोले- टीएस बाबा दिल्ली में करें काम:छत्तीसगढ़ में युवाओं को मौका दें, सिंहदेव बोले- वो खुद चुनाव हारे, अपना क्षेत्र मजबूत करें

रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब बड़े नेता हैं, उन्हें दिल्ली में जाकर काम करना चाहिए। छत्तीसगढ़ में युवाओं को मौका देना चाहिए।

दरअसल, हाल ही में टीएस सिंहदेव ने कहा था कि अगर पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है तो वह उसे जरूर निभाएंगे। इसी सवाल पर बैज ने ये बयान दिया।

इस पर पलटवार करते हुए सिंहदेव ने कहा कि वे आज भी खुद में युवाओं जैसी ऊर्जा महसूस करते हैं, वे छत्तीसगढ़ के लिए ही काम करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं चुनाव हारा, दीपक बैज भी चुनाव हार चुके हैं। कांग्रेसी की पहली जिम्मेदारी अपने संगठन को मजबूत करना है।

बैज ने कांग्रेस में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर ये बयान दिया।

‘बाबा साहेब राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाए’

PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि सिंहदेव कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य रह चुके हैं और तमिलनाडु और पुडुचेरी जैसे राज्यों के प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।

पार्टी जहां भी जिम्मेदारी देती है, सिंहदेव वहां जाकर काम करते हैं। ऐसे में उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, दिल्ली जाकर काम करना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी सभी नेताओं को साथ लेकर बेहतर तरीके से काम कर रही है। दीपक बैज के इस बयान को कांग्रेस संगठन और नेतृत्व में चल रही अंदरूनी चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।

‘किस सोच के साथ बोले पता नहीं’

पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव ने बैज के बयान पर कहा कि उन्हें नहीं पता कि दीपक बैज ने किस सोच के साथ यह बात कही। अगर युवाओं को मौका देने की बात हो रही है तो मैं आज भी खुद में युवाओं जैसी ऊर्जा महसूस करता हूं। मैं अभी भी पूरी तरह सक्रिय हूं और पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे निभाने के लिए तैयार हूं।

प्रदेश में ही काम करना चाहता हूं

टीएस सिंहदेव ने साफ कहा कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र और पूरे छत्तीसगढ़ में काम करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि वह लगातार प्रदेशभर में लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और इसकी जानकारी पार्टी नेतृत्व को भी है।

बैज खुद चुनाव हार चुके हैं – टीएस सिंहदेव

सिंहदेव ने कहा कि बैज युवा नेता हैं और भविष्य में मुख्यमंत्री भी बन सकते हैं। लेकिन अगर बड़े नेताओं की बात हो रही है तो यह भी देखना चाहिए कि कौन चुनाव जीता और कौन हारा।

उन्होंने कहा कि मैं खुद चुनाव हारा हूं। बैज भी चुनाव हार चुके हैं, अपने जिले की सीटें भी कांग्रेस नहीं बचा पाई और लोकसभा चुनाव में भी हार मिली। साथ ही छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार भी दोबारा नहीं बना पाई।

सिंहदेव ने कहा कि हर कांग्रेसी की पहली जिम्मेदारी अपने कार्यक्षेत्र में संगठन और लोगों को मजबूत करना है।

टीएस सिंहदेव ने कहा था- प्रदेश अध्यक्ष बनने को तैयार हूं

‘BJP ने केवल 20% नक्सलवाद हटाया, बाकी हमनें किया’

दीपक बैज ने मीडिया से बातचीत में कई मुद्दों पर बयान दिए। नक्सलवाद पर उन्होंने कहा कि जब भाजपा की सरकार थी, केदार कश्यप मंत्री थे, तब भी नक्सलवाद था, इसका दंश मंत्री ने खुद अपनी सरकार में भी झेला है। उनकी उपस्थिति में, उनके घर के बाजू में भाई उनके भाई की हत्या कर दी गई थी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने झीरम घाटी जैसी घटना को झेला है, इसलिए नक्सलवाद का दंश बस्तर की जनता और कांग्रेस ने ज्यादा झेला है। हमारी सरकार बनते ही हमनें नक्सलवाद खत्म करने की दिशा में काम किया।

3 ब्लॉक से 14 जिलों में नक्सलवाद फैला था, उसकों कांग्रेस सरकार ने सीमित किया। इस सरकार ने 20% काम किया है। हम आज भी बस्तर की जनता के साथ खड़े हैं, लेकिन भाजपा अपनी राजनीति करना बंद करें।

Exit mobile version