DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

महाकालेश्वर, शक्तिपीठ व छातों से बने पंडाल में नजर आएंगे बप्पा

कोरबा। गणेशोत्सव को भव्य व आकर्षण बनाने के लिए आयोजन समितियां जुटी हुई हैं। शहर ही नहीं उपनगरों में भी आयोजन को खास बनाने का काम तेजी से चल रहा है। जिले व शहर के लोगों के लिए इस बार जयदेवा गणेशोत्सव समिति कटघोरा, श्री सिद्धि विनायक ग्रुप रानी रोड, सांसद मोहल्ला सीतामढ़ी, पावर हाउस रोड कोरबा विशेष आकर्षण लिए हुए होगा। कटघोरा में भगवान गणेश की 21 फीट ऊंची प्रतिमा उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर के स्वरूप में बन रहे 101 फीट ऊंचे पंडाल में नजर आएंगे तो श्री सिद्धि विनायक ग्रुप रानी रोड में बनने वाला गणेश पंडाल प्रदेश में स्थित देवी दरबारों के स्वरूप में दिखेगा। यहां के पंडालों में शक्तिपीठ बमलेश्वरी, दंतेश्वरी, महामाया, सर्वमंगला आदि की झलक दिखेगी। सांसद मोहल्ला सीतामढ़ी में एक हजार छातों से पंडाल बनाया जा रहा है जहां भगवान गणेश का दर्शन शहरवासी कर सकेंगे।

ज्ञात हो कि 14-15 सितंबर से गणेशोत्सव शुरू हो रहा है। 11 दिनों तक पंडालों में विघ्न विनाशक की पूजा अर्चना में लोग जुट जाएंगे। उत्सव को भव्य व अलग बनाने के लिए समितियां कोशिश कर रही हैं। रानी रोड स्थित श्री सिद्धि विनायक ग्रुप के अध्यक्ष गौरव शर्मा ने बताया कि उनके यहां इस बार दुर्ग से लाई 12 फीट की गणेश प्रतिमा स्थापित होगी। पावर हाउस रोड स्थित सिद्धि विनायक गणेश उत्सव समिति के झखेंद्र देवांगन ने बताया कि इस बार लालबाग के राजा स्वरूप गणेश प्रतिमा स्थापित की जाएगी। गांजा गली में आकर्षक मुकुट के साथ रिद्धि-सिद्धि गणेश विराजमान होंगे।

स्वच्छता दीदी और बुजुर्ग करेंगे आरती सिद्धि विनायक ग्रुप के गणेशोत्सव में होने वाली आरती हर साल खास होती है। समिति के अध्यक्ष वैभव शर्मा ने बताया कि 11 दिन चलने वाले उत्सव में होने वाली इस बार की आरती भी खास होगी। इस बार स्वच्छता दीदियों के साथ वद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों से आरती करायी जाएगी। साथ समिति के सदस्यों के परिवार भी आरती करेंगे। उत्सव के दौरान बच्चों के लिए प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कायर्क्रम हर दिन होगा। रोजाना शाम को आरती के पश्चात भोग प्रसाद वितरण होगा।

Exit mobile version