इंदौर,एजेंसी। बड़ौदा ने टी-20 क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर बना दिया है। टीम ने गुरुवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सिक्किम के खिलाफ 20 ओवर में 349 रन बनाए। बड़ौदा से भानू पानिया ने 51 बॉल पर नाबाद 134 रन की पारी खेली। उन्होंने 4 चौके और 15 छक्के जमाए।
बड़ौदा ने इंदौर में खेले गए मुकाबले को 263 रन के बड़े अंतर से जीता। टीम ने पारी में 18 चौके और 37 छक्के लगाए। यानी बाउंड्री से कुल 294 रन बने, जो टी-20 इतिहास में चौकों-छक्कों से बने सबसे ज्यादा रन भी रहे।
जिम्बाब्वे का रिकॉर्ड तोड़ा
बड़ोदा के कप्तान क्रुणाल पंड्या ने गुरुवार सुबह टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 349 बनाए। जवाब में सिक्किम टीम 86 रन ही बना सकी। बड़ौदा ने जिम्बाब्वे के 344 रन का रिकॉर्ड तोड़ा। जिम्बाब्वे ने गाम्बिया के खिलाफ इसी साल अक्टूबर में यह स्कोर बनाया था। भारत का टी-20 में बेस्ट स्कोर 297 रन है, टीम ने अक्टूबर में ही बांग्लादेश के खिलाफ यह स्कोर बनाया था।
भानू पानिया ने 263 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए बड़ौदा की ओर से भानू पानिया ने नाबाद 134 रन की पारी खेली। उन्होंने 51 बॉल पर 262.74 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। उन्होंने 5 चौके और 15 छक्के जमाए। भानू 92 रन के टीम स्कोर पर ओपनर अभिमन्यु राजपूत (17 बॉल पर 53 रन) के आउट होने के बाद उतरे थे। उन्होंने शिवालिक शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 33 बॉल पर 94 और विष्णु सोलंकी के साथ तीसरे विकेट के लिए 34 बॉल पर 88 रनों की साझेदारियां कीं।
