कोरबा। शहर के ट्रांसपोर्टनगर स्थित पॉम मॉल के सामने पार्किंग एरिया पर अतिक्रमण कर मॉल का बैरिकेड्स लगा दिया जा रहा था। इसकी वजह से शुक्रवार देर शाम सड़क पर वाहनों के खड़े होने से जाम लगने पर यातायात पुलिस की टीम ने पहुंचकर मॉल के कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए बैरिकेड्स हटवाया।
शहर के ट्रांसपोर्टनगर, पावर हाउस रोड, निहारिका-घंटाघर व पुराना बस स्टैंड का क्षेत्र प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है। ट्रांसपोर्टनगर में मुख्य मार्ग किनारे पॉम मॉल होने से सर्वाधिक भीड़ रहती है। दूसरी ओर मॉल के कर्मचारी संचालक और प्रमुख व्यापारियों की चार पहिया वाहनों को सामने खड़ा करने पार्किंग एरिया में बैरिकेड्स लगाकर अतिक्रमण कर रहे थे।

वहीं मॉल में पहुंचने वाले लोग अपने वाहनों को पार्किंग एरिया के आगे सड़क पर या आसपास की दुकानों के सामने ही खड़े करते हैं। इससे सड़क पर आवाजाही बाधित होने से जाम लगता है। शुक्रवार देर शाम को भी इसी वजह से पावर हाउस रोड से लेकर ट्रांसपोर्टनगर तक जाम लगा था। सूचना पर यातायात पुलिस विभाग के एएसआई मनोज राठौर पेट्रोलिंग टीम के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने मॉल के कर्मचारियोंे को फटकार लगाते हुए पार्किंग एरिया में लगे बैरिकेड्स को हटवाया। वहीं सड़क पर लापरवाहीपूर्वक वाहन खड़े करने वालों के वाहन जब्त करते हुए जुर्माना की कार्रवाई की गई।
पॉम मॉल में बेसमेंट पार्किंग है, जो पेड पार्किंग है। मॉल में पहुंचने वाले ज्यादातर लोग पेड पार्किंग में नहीं जाना चाहते हैं, जो मॉल के आसपास वाहनों को खड़ी कर देते हैं। ऐसे लोगों को वाहन खड़े करने बाहर पार्किंग एरिया में जगह नहीं मिले और वे पेड पार्किंग का इस्तेमाल करें, इसलिए पार्किंग एरिया में बैरिकेड्स लगाकर अतिक्रमण कर लिया जाता है। यातायात पुलिस ने पूर्व में समझाइश दी थी। इसके बाद अब फटकार लगाई है।
^यातायात पुलिस विभाग के एएसआई मनोज राठौर के मुताबिक शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए यातायात पुलिस को निर्देश मिला है। इसके तहत अब कड़ाई से कार्रवाई की जा रही है। यातायात नियमों की अनदेखी करने पर सीधे कार्रवाई की जाएगी।
