DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

नेतन्याहू-ट्रंप मुलाकात के बीच गाजा में बरसी मौत, इजराइली हमले में मारे गए 40 फिलीस्तीनी

गाजा पट्टी,एजेंसी। गाजा पट्टी में इजराइल के हवाई हमलों में कम से कम 40 फिलीस्तीनियों की मौत हो गई। अस्पताल के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। ये हमले ऐसे समय में हुए, जब इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू गाजा पट्टी में हमास के युद्ध-विराम समझौते पर चर्चा के लिए अमेरिका में हैं। उन्होंने मंगलवार शाम व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ लगातार दूसरे दिन मुलाकात की। ट्रंप इजराइल और हमास के बीच युद्ध-विराम समझौते के लिए दबाव बना रहे हैं, जिससे गाजा पट्टी में लगभग 21 महीने से जारी लड़ाई का अंत हो सकता है।

इजराइल और हमास एक नये अमेरिका समर्थित युद्ध-विराम प्रस्ताव पर विचार कर रहे हैं, जिससे लड़ाई रुकेगी, इजराइली बंधकों को मुक्त किया जा सकेगा और गाजा में अत्यंत आवश्यक सहायता की पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी। दक्षिणी गाजा के खान यूनिस शहर के नासिर अस्पताल ने बताया कि मृतकों में 17 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल हैं। अस्पताल के मुताबिक, हमले में एक ही परिवार के 10 लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं।

इजराइली सेना ने उपरोक्त हमलों पर कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन कहा कि उसने पिछले दिन गाजा में 100 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया, जिनमें आतंकवादी शिविर, बम-जाल वाले ढांचे, हथियार भंडारण सुविधाएं, मिसाइल लॉन्चर और सुरंगें शामिल हैं। इजराइल हमास पर नागरिकों के बीच हथियार और लड़ाके छिपाने का आरोप लगाता है।  

Exit mobile version