जनपद सदस्य अफसाना कय्यूम ने वापसी के लिए बीईओ पाली को लिखा था पत्र
दिव्य आकाश डिजिटल ने भी उठाया था जोरशोर से मामला
कोरबा/पाली। विगत लंबे समय से प्राथमिक शाला पोड़ी में शिक्षकों की कमी के कारण शिक्षा का स्तर निरंतर गिरता जा रहा था। केवल एक ही शिक्षिका के भरोसे पहली से लेकर पांचवीं तक की कक्षा संचालित हो रही थी। वर्तमान में स्कूल में विद्यार्थियों की कुल दर्ज संख्या 72 है।
गत दिवस क्षेत्र की सक्रिय जनपद सदस्य अफसाना कय्यूम द्वारा स्कूल पहुंचकर पदस्थ शिक्षिका श्रीमती मातेश्वरी कश्यप एवं विद्यार्थियों से व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली गई थी, जिसमें छात्र-छात्राओं द्वारा स्कूल में केवल एक ही शिक्षिका पदस्थ होने की बात कही।
स्कूल में पदस्थ शिक्षिका ने बताया कि श्रीमती अंशुमाला शर्मा ने पदोन्नति के आधार पर प्रधान पाठक के रुप में दिनांक 03/10/2024 को स्कूल में पदभार ग्रहण किया था तथा विकास खंड शिक्षा अधिकारी पाली के आदेश के आधार पर उन्हें उसी दिन कार्यमुक्त कर स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल पाली में पदस्थ कर दिया गया। जनपद सदस्य अफसाना कय्यूम ने विकास खंड शिक्षा अधिकारी पाली श्यामानंद साहू को अवगत कराते हुए पदोन्नत प्रधान पाठक श्रीमती अंशुमाला शर्मा को तत्काल प्रभाव से प्राथमिक शाला पोड़ी वापस भजने पत्र लिखा था।

जिसके परिपालन में गत दिनांक 28/07/2025 को वापसी का आदेश जारी किया है।
जनपद सदस्य अफसाना कय्यूम ने विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए विकास खंड पाली अधीनस्थ सभी एकल शिक्षकीय स्कूलों में व्यवस्था के तहत एक-एक शिक्षक अनिवार्य रूप से पदस्थ करने की मांग की है।
प्राथमिक शाला पोड़ी में एकल शिक्षक के कारण वहां पूर्व में पदस्थ प्रधान पाठिका श्रीमती अंशुमाला शर्मा को वापस भेजा गया है, ताकि पढ़ाई का स्तर बेहतर हो सके।
श्यामानंद साहू
बीईओ-विकासखण्ड पाली
