DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

नई जमीन गाइडलाइन पर भूपेश बघेल का तंज:कहा-इसमें सुधार नहीं किया,तो जनता ठिकाने लगा देगी, वित्त मंत्री बोले-कम गाइडलाइन रेट से किसानों को नुकसान

रायपुर,एजेंसी। जमीन रजिस्ट्री की नई गाइडलाइन को लेकर विवाद जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तंज कसा है। बघेल ने दावा किया कि जब कारोबारी मंत्रियों से मिलने गए, तो उन्हें यह हिदायत दी गई कि “कांग्रेस नेताओं से मत मिलो।” उन्होंने यह भी दावा किया कि भारी विरोध के बाद भाजपा सरकार या तो यू टर्न लेगी या गाइडलाइन में बड़े सुधार करने को मजबूर होगी।

भूपेश बघेल का ट्वीट- भाजपा कांग्रेस से डरती है

उन्होंने एक्स पर लिखा- “कांग्रेस से डरती है भाजपा!” ज़मीन की खरीद-बिक्री के लिए जारी नई सरकारी गाइडलाइन को लेकर भारी अफ़रा-तफरी का माहौल है। नाराज़ लोगों ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को दुर्ग में घेर लिया।

ज़मीन के कारोबार से जुड़े लोग मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कई मंत्रियों से मिले। पता चला है कि उनके कार्यालय में कारोबारियों को नेताओं के सहायकों ने एक ही हिदायत दी- “कांग्रेस नेताओं से मिलने मत जाना।”

भूपेश बघेल ने आगे लिखा- कांग्रेस से भाजपा क्यों डरती है, यह कोई राज़ भी नहीं है। कितना भी रोक लो, जनता है सब जानती है। अगर ये “जोकरों वाली” गाइडलाइन वापस नहीं ली या इसमें सुधार नहीं किया, तो जनता ही ठिकाने लगा देगी।

उनका कहना है कि या तो भाजपा सरकार यू टर्न लेगी या फिर इसमें बड़े सुधार करेगी।

भूपेश बघेल का ट्वीट

भूपेश बघेल का ट्वीट

कांग्रेस ने किया हमला, दीपक बैज बोले—सरकार दलाली कर रही है

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा- जमीन की गाइडलाइन को 10 गुना बढ़ा दिया गया, गरीब और मध्यमवर्ग के लिए जमीन खरीदना सपना हो गया है। सरकार ने अपने फायदे और दलाली के लिए गाइडलाइन लागू की है। बेमेतरा में 300 एकड़, नवा रायपुर में 275 एकड़ जमीन खरीदी गई…कौन मंत्री इसमें शामिल है, सरकार बताने को तैयार नहीं।

दीपक बैज ने चेतावनी दी- अगर गाइडलाइन वापस नहीं ली गई तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज

दुर्ग में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का काफिला रोका गया

जमीन की सरकारी गाइडलाइन दरें बढ़ाए जाने के बाद पूरे प्रदेश में नाराज़गी लगातार बढ़ रही है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर सहित कई जिलों में जमीन कारोबारी प्रदर्शन कर रहे हैं।

दुर्ग में जब व्यापारियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव का काफिला रोक लिया। उन्हें मौके पर उतरकर प्रदर्शनकारियों की बात सुननी पड़ी व्यापारियों ने कहा कि नई गाइडलाइन से कारोबार ठप हो रहा है। किरण सिंह देव ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी मांगें सरकार तक पहुंचाई जाएंगी।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी का पलटवार ‘8 साल तक रेट न बढ़ने के पीछे बड़ी साजिश’

वित्त मंत्री ओपी चौधरी

कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय 30 प्रतिशत रेट में कटौती की गई थी और 8 साल तक जमीन के रेट नहीं बढ़ाए गए। उनका दावा है कि इसके पीछे बड़ी साजिश थी। उनका कहना है कि कांग्रेस के नेताओं ने दारू, कोयला और महादेव सट्टा ऐप से कमाए पैसे जमीनों में निवेश करने के लिए जमीन की खरीद-बिक्री 10 प्रतिशत रेट पर कर रहे थे।

ओपी चौधरी ने बताया कि जब जमीन का अधिग्रहण होता है और गाइडलाइन रेट कम होता है, तो किसानों को नुकसान होता है और होमलोन नहीं मिल पाता। इसलिए रियल एस्टेट सुधार (रिफॉर्म) के लिए यह कदम उठाया गया है, जिससे राज्य की जनता को फायदा होगा।

Exit mobile version