DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

भूपेश बोले-मोदी-शाह के दौरों से बस्तर को क्या मिला:राहुल की बहस चुनौती स्वीकारें, पंचायतों को 1 करोड़ देने का वादा याद दिलाया

दुर्ग-भिलाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे और नक्सलवाद पर दिए बयान को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया है। दुर्ग के जंजगिरी गांव में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री अमित शाह बार-बार बस्तर आ रहे हैं, लेकिन यहां के लोगों को मिला क्या।

भूपेश बघेल ने दावा किया कि उनके शासनकाल में नक्सलवाद कमजोर हुआ था। उन्होंने भाजपा सरकार से पूछा कि नक्सल मुक्त होने वाली पंचायतों को 1 करोड़ रुपए देने का वादा कहां गया। पीएम के ‘दिमागी नक्सली’ वाले बयान पर उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है।

इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से राहुल गांधी की बहस की चुनौती स्वीकार करने को भी कहा। भूपेश बघेल ने कहा कि जब प्रधानमंत्री ने आरोप लगाए हैं और राहुल गांधी ने बहस की चुनौती दी है, तो उन्हें सामने आकर चर्चा करनी चाहिए।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।

भूपेश बोले- रमन सिंह के शासनकाल में चरम पर था नक्सलवाद

भूपेश बघेल ने कहा कि नक्सलवाद अपने चरम पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के शासनकाल में था। कांग्रेस सरकार के दौरान इसमें कमी आई। अब प्रधानमंत्री और गृह मंत्री लगातार बस्तर का दौरा कर रहे हैं, लेकिन वहां के विकास और लोगों को मिल रहे लाभ पर कोई जवाब नहीं दे रहे हैं।

बस्तर की संपत्ति अडाणी को सौंपने का लगाया आरोप

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की थी कि नक्सल मुक्त होने वाली हर पंचायत को 1 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। सरकार बताए कि यह राशि कहां है और कितनी पंचायतों को इसका लाभ मिला है। नक्सलवाद के नाम पर माहौल बनाया जा रहा है, ताकि बस्तर की पूरी संपत्ति अडाणी को सौंपी जा सके।

बोले- मोदी और शाह का बिगड़ा मानसिक संतुलन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस्तर में कहा था कि जंगलों से हथियारबंद नक्सली खत्म हो रहे हैं, लेकिन दिमागी नक्सली अब भी संस्थाओं और राजनीतिक दलों में मौजूद हैं। इस बयान पर भूपेश बघेल ने कहा कि मोदी, अमित शाह और भाजपा के नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ रहा है। इसमें मंत्री और मुख्यमंत्री भी शामिल हैं।

भाजपा नेताओं के नारों और बयानों पर निशाना

भूपेश बघेल ने भाजपा नेताओं के बयानों और नारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में लोकतंत्र हटाने का नारा लगाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री कहते हैं कि कांग्रेस को छोड़कर सबकी दुकान बंद हो जाएगी।

बघेल ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव जेपी नड्डा मुर्दाबाद के नारे लगा रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री को क्राइम और अपराध का अंतर समझ नहीं आता। वे कहते हैं कि क्राइम हो सकता है, अपराध नहीं। वहीं, कोई गाना गा रहा है कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे।

अमित शाह की चुनौती पर राहुल गांधी का जिक्र

भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से राहुल गांधी को दी गई बहस की चुनौती पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अमित शाह रायपुर आकर राहुल गांधी को लोकसभा में एफआईआर के मुद्दे पर बहस करने की चुनौती देते हैं, लेकिन दिसंबर के संसद सत्र में इसी मुद्दे पर चर्चा से इनकार कर दिया गया।

बघेल ने कहा कि एक तरफ राहुल गांधी को बहस की चुनौती दी जाती है, तो दूसरी तरफ संसद में चर्चा नहीं होने दी जाती। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राहुल गांधी की चुनौती स्वीकार करने को कहा। उनके मुताबिक, जब प्रधानमंत्री ने आरोप लगाए हैं और राहुल गांधी ने बहस की चुनौती दी है, तो उन्हें चर्चा के लिए सामने आना चाहिए।

3 करोड़ घुसपैठियों के दावे पर मांगा जवाब

भूपेश बघेल ने देश में 3 करोड़ घुसपैठियों के होने के दावे पर केंद्र सरकार से सवाल किया। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार को 12 साल हो चुके हैं। अगर देश में 3 करोड़ विदेशी नागरिक रह रहे हैं, तो उन्हें बाहर निकालने के लिए अब तक क्या कार्रवाई की गई। सरकार ने इतने सालों में इस दिशा में क्या कदम उठाए हैं।

बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राहुल गांधी की बहस की चुनौती स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने बस्तर के विकास, नक्सल मुक्त पंचायतों को 1 करोड़ रुपए देने के वादे और घुसपैठियों के मुद्दे पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा।

Exit mobile version