DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा शहर को व्यवस्थित बनाने नगर निगम की बड़ी कार्रवाई:अतिक्रमण, अवैध ठेले-गुमटियां हटाकर दुकानदारों को आवंटित की दुकानें

कोरबा। कोरबा नगर पालिका निगम ने शुक्रवार को आनंद बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। निगम के तोड़ू दस्ते और पुलिस टीम ने सड़क किनारे लगी अवैध ठेले-गुमटियों को हटाया। कार्रवाई के दौरान कई कब्जाधारियों का सामान भी जब्त किया गया।

इसके साथ ही निगम ने आनंद बाजार में निर्मित एक दर्जन से अधिक दुकानों का पात्र दुकानदारों को आवंटन भी किया। नगर निगम पिछले कई दिनों से शहर की मुख्य सड़कों और बाजारों को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान चला रहा है।

नोटिस के बाद चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

इसी क्रम में आनंद बाजार में वर्षों से सड़क किनारे व्यवसाय कर रहे ठेला और गुमटी संचालकों को पहले नोटिस जारी किए गए थे। निगम के मुताबिक, अवैध कब्जों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था और पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर कार्रवाई की गई।

पुलिस की मौजूदगी में हटाए गए ठेले-गुमटी

तोड़ू दस्ता प्रभारी विकास तिवारी के नेतृत्व में निगम की टीम और पुलिस बल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन से अधिक अवैध ठेले-गुमटियों को हटाया। मौके पर मौजूद नहीं रहने वाले कब्जाधारियों का सामान जब्त कर निगम कार्यालय पहुंचाया गया।

विस्थापित दुकानदारों को मिली दुकानें

अतिक्रमण हटाने के साथ ही नगर निगम ने पुनर्वास की व्यवस्था भी की। आनंद बाजार में निर्मित एक दर्जन से अधिक सुविधायुक्त दुकानों का आवंटन उन दुकानदारों को किया गया, जो लंबे समय से सड़क किनारे ठेला लगाकर व्यवसाय कर रहे थे।

कुछ दुकानदारों ने उठाई वैकल्पिक व्यवस्था की मांग

तोड़ू दस्ता प्रभारी विकास तिवारी ने बताया कि कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देश पर की गई है। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित दुकानें मिलने से दुकानदारों को बेहतर व्यापारिक सुविधा मिलेगी और शहर का यातायात भी सुचारू रहेगा।

हालांकि, दुकान आवंटन से वंचित कुछ दुकानदारों ने भी अपने लिए वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की मांग की है।

Exit mobile version