नई दिल्ली, एजेंसी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के करोड़ों सदस्यों के लिए अच्छी खबर है। EPFO दिसंबर 2026 के अंत तक UPI के जरिए PF निकासी की सुविधा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद कर्मचारी BHIM ऐप की मदद से अपने बैंक खाते में पीएफ की मंजूर रकम प्राप्त कर सकेंगे।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत शुरुआत में UPI से PF निकालने की न्यूनतम सीमा 1,000 रुपए रखी जा सकती है। इसका मकसद छोटी रकम निकालने के लिए बार-बार क्लेम करने की परेशानी को कम करना है।
तकनीकी टेस्टिंग के दो चरण पूरे
UPI से PF निकासी के लिए जरूरी तकनीकी व्यवस्था तैयार हो चुकी है। अलग-अलग यूजर ग्रुप के बीच दो चरणों में टेस्टिंग भी पूरी कर ली गई है। ट्रायल के दौरान सामने आई कमियों को दूर किया जा चुका है।
हालांकि, EPFO के नए सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म ‘सेंट्रलाइज्ड IT-इनेबल्ड सिस्टम 2.0’ (CITES 2.0) पर माइग्रेशन के दौरान कुछ तकनीकी चुनौतियां अभी बाकी हैं। इन्हें दूर करने के बाद सुविधा लॉन्च की जाएगी।
मार्च 2025 में शुरू हुई थी पहल
UPI आधारित PF निकासी योजना पर 28 मार्च 2025 को सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की 113वीं एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक में चर्चा हुई थी। इसके अगले दिन श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने प्रेस रिलीज जारी कर इसकी जानकारी दी थी।
इस परियोजना के लिए EPFO के टेक्नोलॉजी पार्टनर C-DAC को तकनीकी सिस्टम तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई। इसमें SBI और NPCI के साथ सिस्टम को जोड़ने के लिए API विकसित करने का काम भी शामिल था।
BHIM ऐप से निकाल सकेंगे PF का पैसा
13 अक्टूबर 2025 को CBT ने EPFO 3.0 के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन फ्रेमवर्क को मंजूरी दी थी। इसका उद्देश्य क्लेम सेटलमेंट तेज करना और निकासी प्रक्रिया को आसान बनाना है। नई सुविधा के तहत सदस्य BHIM ऐप के जरिए UPI से अपने बैंक खाते में मंजूर PF राशि प्राप्त कर सकेंगे।
हालांकि, शुरुआती चरण में 1,000 रुपए से कम की निकासी इस सुविधा के तहत संभव नहीं हो सकती है। EPFO का लक्ष्य दिसंबर 2026 के अंत तक यह सुविधा शुरू करना है। अंतिम नियम और प्रक्रिया लॉन्च के समय स्पष्ट किए जाएंगे।

