DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

राम मंदिर चढ़ावा घोटाले में बड़ा खुलासा: लाखों कैश, अमेरिकी डॉलर और सोना बरामद, आरोपी ने ऐसे बांटी थी रकम

अयोध्या, एजेंसी। राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले के आरोपियों में शामिल अविनाश शुक्ला ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर स्वीकार किया है कि उसने गबन की रकम में से लगभग 19 लाख रुपए अपने मित्रों और परिजनों पर खर्च किए। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, शुक्ला ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने अपने एक भाई के विवाह समारोह पर लगभग 6 लाख रुपए खर्च किए, जबकि दूसरे भाई को 5 लाख रुपए दिए। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि उसने लगभग 3.5 लाख रुपए की एक कार खरीदी थी, जिसे बरामद कर लिया गया है।

अविनाश के भाइयों से पुलिस की पूछताछ
सूत्रों ने दावा किया कि अविनाश ने अपने एक मित्र के खाते में लगभग 2.5 लाख रुपए भी हस्तांतरित किए और उसे एक महंगा मोबाइल फोन भी उपहार में दिया। पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया कि उसने कई अन्य लोगों को भी छोटी-छोटी रकम वितरित की थी। पुलिस ने अविनाश के 2 भाइयों से पूछताछ की है और जांच से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं।

लाखों कैश के साथ अमेरिकी डॉलर और सोना बरामद
अधिकारियों के अनुसार, उसके भाई अभिषेक शुक्ला के नाम वर्ष 2024 में खरीदी गई भूमि की जांच की जा रही है। इसके साथ ही उन बैंक खातों की भी पड़ताल की जा रही है, जिनमें कथित तौर पर धनराशि हस्तांतरित की गई थी। विभिन्न लोगों को हस्तांतरित की गई राशि की वसूली के लिए कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, अविनाश शुक्ला के कब्जे से 20.39 लाख रुपए नकद, 1,121 अमेरिकी डॉलर, सोने के आभूषण, चांदी के आभूषण, अन्य कीमती सामान तथा एक कार भी बरामद की गई है।

Exit mobile version