DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

रेलवे की बड़ी कामयाबी…Jammu Kashmir पहुंची पहली ‘अमूल स्पेशल’ Train!

जम्मू, एजेंसी।  जम्मू मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक नई ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के तहत पहली बार अहमदाबाद मंडल के लिंच गुड्स शेड से 20 BCN अमूल दूध की विशेष मालगाड़ी सफलतापूर्वक जम्मू मंडल के बाड़ी ब्राह्मण व अनंतनाग रेलवे गुड्स शेड पहुंची है। जिसमें 10 BCN बाड़ी ब्राह्मण गुड्स शेड के लिए थे और 10 BCN अनंतनाग गुड्स शेड के लिए। यह बड़ी खेप केन्द्र शासित प्रदेश में खाद्य सुरक्षा और पौष्टिक दुध उत्पादकों की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर है।

इस विशेष गुड्स ट्रेन के यात्रा और लॉजिस्टिक्स विवरण पर बात करें, तो यह अमूल दूध गुड्स ट्रेन 20 BCN वेगनों के साथ लिंच गुड्स शेड से दिनांक 20 अप्रैल को जम्मू मंडल के बाड़ी ब्राह्मण व अनंतनाग गुड्स शेड के लिए रवाना हुई थी। जिसमें 10 BCN बाड़ी ब्राह्मण व 10 BCN अनंतनाग गुड्स शेड के लिए थे। बाड़ी ब्राह्मण आए 10 BCN में लगभग 500 टन वजन था। वहीं अनंतनाग आए 10 BCN में भी 500 टन वजन था। इस गुड्स ट्रेन में अमूल दूध ( टोंड मिल्क व दूध पाउडर ) मठ्ठा और लस्सी आदि उत्पाद मुख्य रूप से शामिल हैं।

 यह पहल न केवल डेयरी उत्पादों की निर्बाध आपूर्ति श्रृंखला सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि देश के दूरस्थ क्षेत्रों तक आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में भारतीय रेलवे की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व अक्टूबर 2025 में कश्मीर घाटी में माल परिवहन के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई थी, जब 1,350 टन औद्योगिक नमक की पहली रेल खेप गुजरात के अहमदाबाद मंडल के खाराघोड़ा स्टेशन से अनंतनाग स्टेशन तक सफलतापूर्वक पहुंची थी।

नमक और दुग्ध उत्पादों की इन सफल खेपों के माध्यम से व्यापार क्षेत्र में जम्मू मंडल ने अपने व्यापारिक एवं आर्थिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ किया है। यह पहल गुजरात के डेयरी एवं औद्योगिक क्षेत्रों को कश्मीर घाटी के बाजारों से सीधे जोड़ने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगी।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि व पहली बार जम्मू कश्मीर में आए मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड ( अमूल ) रेक पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, श्री उचित सिंघल ने बताया, “कि गुजरात के लींच रेलवे स्टेशन से रवाना हुई अमूल दूध और डेयरी उत्पादों की इस पहली विशेष कार्गो ट्रेन का बाड़ी ब्राह्मण (जम्मू) पहुंचना हमारे पूरे जम्मू मंडल के लिए एक गौरवशाली और ऐतिहासिक क्षण है।

कुल 20 बीसीएन (BCN) वैगनों में से 10 विशेष वैगन सीधे बाड़ी ब्राह्मण में खाली किए गए हैं। यह पहल विशेष रूप से हमारे जम्मू कश्मीर के नागरिकों, स्थानीय व्यापारियों और परिवारों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इस सीधी आपूर्ति से जम्मू शहर सहित इसके आस-पास के सभी जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों में ताजे दूध व डेयरी उत्पादों की उपलब्धता चौबीसों घंटे बनी रहेगी।

भारतीय रेलवे न केवल राष्ट्रीय स्तर पर कनेक्टिविटी बढ़ा रहा है, बल्कि जम्मू मंडल की अर्थव्यवस्था और खाद्य सुरक्षा को सशक्त करने के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस सीधी रेल सेवा से सड़क परिवहन की लागत और समय दोनों में भारी कमी आएगी, जिसका सीधा आर्थिक लाभ हमारे जम्मू के स्थानीय बाजार और उपभोक्ताओं को मिलेगा।”

Exit mobile version