स्व सहायता समूह की दीदियों के उत्पाद अब ‘हसदेव नेचुरल्स’ ब्रांड से होंगे बाजार में पहचान स्थापित करने की ओर अग्रसर
ब्रांडिंग से स्थानीय उत्पादों के विपणन को मिलेगा बढ़ावा, ग्रामीण महिलाओं की आजीविका और आत्मनिर्भरता होगी मजबूत

कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 में बिहान स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को एक विशिष्ट पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। राज्य शासन के वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री तथा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लखन लाल देवांगन ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल में बिहान की दीदियों द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों के लिए *‘हसदेव नेचुरल्स’ ब्रांड का अनावरण किया। इस ब्रांड परियोजना के लिए के लिए जिला खनिज न्यास मद से वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। इस ब्रांड के अंतर्गत महिला स्व सहायता समूह के द्वारा जिले में पिछले तीन महीने से उत्पादों का निर्माण किया जा रहा है।
इस पहल से स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों को एक साझा ब्रांड के माध्यम से बाजार में नई पहचान मिलेगी। साथ ही उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग, विपणन एवं बिक्री के अवसर बढ़ेंगे। इससे ग्रामीण महिलाओं के स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिलने के साथ उनकी आय में वृद्धि और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में भी नई संभावनाएं विकसित होंगी।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत जिले में कराए जा रहे विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत संचालित गतिविधियों तथा बिहान स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने की इस पहल को महत्वपूर्ण बताया।
हसदेव नेचुरल्स’ ब्रांड का शुभारंभ ग्रामीण महिलाओं के हुनर को बाजार से जोड़ने, स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने और महिला स्वावलंबन को नई गति देने की दिशा में कोरबा जिले की एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर नगर निगम श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, आयुक्त नगर निगम आशुतोष पांडे सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
