DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बिहार चुनाव- NDA का संकल्प पत्र, KG-PG तक मुफ्त शिक्षा:1 करोड़ नौकरी का वादा, कांग्रेस बोली- 26 सेकेंड में मेनिफेस्टो जारी किया, इनके वादे झूठे

पटना,एजेंसी। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आज शुक्रवार को NDA ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। एनडीए ने 1 करोड़ नौकरी देने का वादा किया है। साथ ही महिलाओं को 2 लाख तक की मदद दी जाएगी। इसके अलावे 1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

साथ ही गरीबों के लिए KG से PG तक मुफ्त शिक्षा का भी वादा किया गया है। मां जानकी के मंदिर को अगले 5 सालों में पूरा किया जाएगा। इलाके को ‘सीतापुरम’ के नाम से विकसित किया जाएगा। आनेवाले समय में बिहार के 4 शहरों में मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी।

पटना के होटल मौर्या में केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री और HAM(S) नेता जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री और LJP-रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान, RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने घोषणा पत्र जारी किया।

मेनिफेस्टो जारी करने के साथ ही सीनियर लीडर चुनाव प्रचार के लिए निकल गए। संकल्प पत्र के बारे में सम्राट चौधरी ने अकेले मीडिया को सारी जानकारी दी।

26 सेकेंड में जारी किया संकल्प पत्रः कांग्रेस

संकल्प पत्र जारी करने के 2 मिनट में ही नीतीश कुमार, चिराग, जीतनराम मांझी, जेपी नड्‌डा कार्यक्रम से लौट गए। मंच से अनाउंस किया गया कि अब सभी नेता अपने-अपने इलाकों में चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे।

पत्रकार साथी रुकेंगे और सम्राट चौधरी। इसके बाद सम्राट चौधरी ने मीडिया को संकल्प पत्र के बारे में जानकारी दी।

इसे लेकर कांग्रेस ने तंज कसा है। पार्टी के सीनियर लीडर और राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा- ‘आज इतिहास रच दिया गया है। नीतीश कुमार और जेपी नड्डा प्रेस कॉन्फ्रेंस में थे और 26 सेकेंड के भीतर चले गए। उनके उपमुख्यमंत्री ने बाद में घोषणापत्र पढ़ा। इसका मतलब है कि उन्हें अपने घोषणापत्र पर विश्वास नहीं है।’

Exit mobile version