बीजापुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के नेशनल पार्क एरिया में 11 नवंबर को हुए मुठभेड़ में 3 महिला समेत 6 नक्सली मारे गए। जिसमें मद्देड़ एरिया कमेटी का इंचार्ज बुच्चन्ना और दूसरे शीर्ष नक्सल लीडर पापाराव की पत्नी उर्मिला भी शामिल है। लेकिन पापाराव इस बार भी जान बचाकर भागने में कामयाब रहा।
ऑपरेशन की सफलता के बाद नक्सलियों के शवों को जिला मुख्यालय लाया गया। वीडियो में DRG के जवान नक्सलियों के शव ढोकर लाते दिखाई दिए। बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि सभी पर कुल 27 लाख का इनाम था।
जानकारी के अनुसार, डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा और एसटीएफ की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि डीकेएसजेडसीएम पापाराव, मद्देड़ एरिया कमेटी का इंचार्ज डीवीसीएम कन्ना उर्फ बुचन्ना, डीवीसीएम उर्मिला, डीवीसीएम मोहन कड़ती समेत पश्चिम बस्तर डिवीजन के 50-60 नक्सली कांदुलनार, कचलारम और गुज्जाकोंटा के जंगलों में छिपे हैं।
सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। 11 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे से दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। जवाबी कार्रवाई में 6 नक्सली मारे गए।
मुठभेड़ स्थल से 2 इंसास राइफल, 1 नाइन एमएम कार्बाइन, 1 .303 राइफल, विस्फोटक सामग्री और नक्सल संबंधी अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
आला अफसरों का कहना है कि, अब नक्सल की कमान थिप्परी तिरुपति ऊर्फ देवजी और मांडवी हिड़मा के पास है। ये भेष बदलकर इसी जंगल में छिपे हुए हैं। जिस दिन ये दोनों मारे गए, उस दिन छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद खत्म हो जाएगा।
बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि एनकाउंटर में 6 नक्सली मारे गए हैं।
बीजापुर के नेशनल पार्क एरिया में मुठभेड़ खत्म होने के बाद लौटी टीम।
2 इंसास राइफल, 1 नाइन एमएम कार्बाइन, 1 .303 राइफल बरामद की गई है।
3 दिन चला ऑपरेशन, 20 नक्सलियों की मौजूदगी थी
दरअसल, करीब 3 दिनों तक नेशनल पार्क एरिया में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का ऑपरेशन चला था। बीजापुर में मिशन-2026 का ये सबसे बड़ा ऑपरेशन माना जा रहा है। 20 नक्सलियों की मौजूदगी की पुष्टि के बाद फोर्स ने घेरा था। 11 नवंबर को 6 नक्सलियों को मार गिराया था।
नक्सलियों के शव को बीजापुर लेकर आते जवान।
3 जगह की एरिया कमेटी खाली
भैरमगढ़ एरिया कमेटी का इंचार्ज कमलू के सरेंडर करने से ये एरिया खाली हो गया। गंगालूर एरिया कमेटी का इंचार्ज दिनेश मोढियम के सरेंडर करने से ये एरिया भी खाली हो गया। अब मद्देड़ का इंचार्ज बुच्चन्ना मारा गया। इससे तीनों एरिया कमेटी खाली हो गया है। बताया जा रहा है जिले में अब बस 1-2 एरिया ही बचे है। जहां नक्सली मौजूद है।
