DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

घुनघुट्टा नदी के पुल पर बहे बाइक सवार युवक-युवती:मैनपाट में ग्रामीण ने रस्सी फेंककर युवती को बचाया, लापता युवक की तलाश में जुटी टीम

सरगुजा, एजेंसी। सरगुजा के मैनपाट घूमने आए युवक-युवती बाइक समेत घुनघुट्टा नदी में बह गए। दोनों की आवाज सुनकर एक व्यक्ति रस्सी लेकर मौके पर पहुंचा। उसने करीब एक किलोमीटर दूर तक बह चुकी युवती को रस्सी फेंककर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, युवक नदी के तेज बहाव में बह गया और डूब गया। उसकी तलाश की जा रही है।

मामला कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र का है। नदी में बहे युवक-युवती केरल के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों रायपुर में रहकर पढ़ाई करते हैं। घटना के बाद युवक की तलाश देर शाम तक जारी रही, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

जानकारी के मुताबिक, केरल निवासी गौरी नंदन (22) और यदुकृष्ण (25) रायपुर में रहकर पढ़ाई करते हैं। दोनों मैनपाट घूमने आए थे। वे ट्रेन से अंबिकापुर पहुंचे और वहां से मैनपाट गए। मैनपाट घूमने के लिए दोनों ने बाइक किराए पर ली थी।

लापता युवक की तलाश जारी

लापता युवक की तलाश जारी

उफनती नदी का पुल पार करने के दौरान हादसा

बाइक सवार यदु कृष्ण और गौरी नंदन शाम करीब 5:30 बजे कमलेश्वरपुर से टाइगर प्वाइंट की ओर जा रहे थे। शनिवार को मैनपाट में हुई तेज बारिश के कारण रोपाखार में कैंप नंबर-2 के पास घुनघुट्टा नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा था।

यदु कृष्ण ने बाइक से पुल पार करने की कोशिश की। पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों बाइक समेत नदी में बह गए। बहते समय दोनों ने मदद के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

स्थानीय युवक ने डूब रही युवती को बचाया

एक किलोमीटर तक बही युवती को युवक ने बचाया

नदी के पास रहने वाले समशुद्दीन खान ने दोनों के शोर की आवाज सुनी। वह तुरंत घर से रस्सी लेकर नदी की ओर दौड़ा। गौरी नंदन तैरकर बाहर निकलने की कोशिश कर रही थी। उसे बचाने के लिए समशुद्दीन ने रस्सी फेंकी, लेकिन वह उसे पकड़ नहीं पाई।

इसके बाद समशुद्दीन नदी के बहाव के साथ करीब एक किलोमीटर तक दौड़ता रहा और कई बार रस्सी फेंकी। आखिरकार गौरी नंदन ने रस्सी पकड़ ली। समशुद्दीन ने उसे खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, यदु कृष्ण का अभी तक पता नहीं चल सका है।

युवक की खोज में पुलिस टीम के साथ स्थानीय लोग

युवक की तलाश में लगी टीम

घटना की सूचना कमलेश्वरपुर थाने को दी गई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश के लिए अभियान चलाया गया। युवक का कहीं पता नहीं चल सका है। देर शाम हो जाने के करण रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया है।

रविवार को सुबह होने के बाद पुलिस फिर से रेस्क्यू अभियान चलाएगी। एसडीआरएफ सरगुजा की टीम को भी हादसे की सूचना दे दी गई है। सुबह एसडीआरएफ की टीम भी मैनपाट पहुंचेगी।

सरगुजा में बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर

सरगुजा के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को झमाझम बारिश हुई है। इसके कारण नदी-नाले उफान पर हैं। मैनपाट में शनिवार को कई घंटे तक झमाझम बारिश हुई है। इससे घुनघुट्टा नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा। पहाड़ी नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण युवक-युवती संभल नहीं सके और बाइक सहित बह गए।

Exit mobile version