कोरबा। रायपुर जा रहे उद्योग मंत्री के काफिले के सामने रॉन्ग साइड से तीन सवारी बाइक घुस गई। उन्हें बचाने के फेर में आगे चल रहा पायलेटिंग वाहन पलट गया।
हादसे में वाहन में सवार पुलिस बल को मामूली चोटें पहुंची हैं। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन सोमवार को शहर से रायपुर रवाना हुए। दोपहर करीब डेढ़ बजे काफिला एचएच-130 पर कटघोरा-पाली के बीच पहुंचा। इस दौरान सायरन बजने के बाद भी रॉन्ग साइड से बाइक काफिले के सामने आ गई। बाइक पर तीन लोग सवार थे।
बाइक को टक्कर से बचाने सबसे आगे चल रही पुलिस के पायलेटिंग वाहन (स्कॉर्पियो) के चालक सज्जाद ने ब्रेक लगाया। अचानक ब्रेक लगाने से वाहन पलट गया। वहीं पीछे आ रहे मंत्री के वाहन चालक चालक फौरन गाड़ी रोक ली और उसमें बैठे मंत्री देवांगन व अन्य सुरक्षित रहे। घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। चालक सज्जाद, एएसआई दिलीप कुमार शुक्ला, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की को हल्की चोटें थीं। उन्हें पाली अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं दूसरा पायलेटिंग वाहन बुलाकर मंत्री का काफिला रायपुर रवाना हुआ।
हाईवे पर नियमों की अनदेखी करते हैं बाइक सवार: कटघोरा-पाली के बीच नेशनल हाईवे बनने के बाद यातायात नियमों की अनेदखी से आए दिन हादसे हो रहे हैं। खासकर बाइक सवार सही लेन पर चलने के बजाए रॉन्ग साइड चलते हैं। क्रॉसिंग की जगह किसी भी जगह से सड़क पार करते हैं। कुछ दिन पहले घुईचुआं के पास रॉन्ग साइड पर बाइक चलाने की वजह से उतरदा निवासी बाइक चालक पुजारी मरकाम की बोलेरो की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
बाइक चालक पर केस ^पाली थाना प्रभारी जितेंद्र यादव ने कहा एनएच पर उद्योग मंत्री देवांगन के काफिले के आगे रॉन्ग साइड से तीन सवारी बाइक आने से पायलेटिंग वाहन उन्हें बचाने के चक्कर में पलटी। हादसे में पायलेटिंग वाहन में मौजूद पुलिस बल सुरक्षित बच गया। बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर पतासाजी की जा रही है।
