DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में बाइक सवार युवक ने की अश्लील हरकतें, गार्डन से लौट रही लड़कियों से भी बदसलूकी

कोरबा । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्कूटी सवार युवती को फ्लाइंग किस देकर छेड़खानी की गई है। बाइक सवार युवक ने चलती बाइक पर अश्लील हरकतें की। इसके अलावा गार्डन से लौट रही युवतियों से भी बदसलूकी हुई है। मामला राजगामार और सीएसईबी चौकी क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के मुताबिक युवती से छेड़छाड़ करने वाले युवक का नाम राजकुमार राठिया (24) है। वह कोरबा के घोटमार थाना क्षेत्र के करतला का रहने वाला है। युवक ने सड़क पर युवती को अकेले पाकर छेड़छाड़ की है।

कोरबा में युवती से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल।

कोरबा में युवती से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, रविवार दोपहर एक युवती स्कूटी से घर जा रही थी। वह डुमरडीह पुल के पास पहुंची थी, तभी एक बाइक सवार भी वहां पास पहुंचा। उसने लड़की को देखकर पहले बाइक धीमी की। युवती से अश्लील हरकतें करने लगा।

इस दौरान लड़की ने इसका विरोध किया, तब भी युवक नहीं माना। इसके बाद परेशान होकर युवती ने मोबाइल से आरोपी की हरकतों का वीडियो बना लिया। आरोपी युवक वीडियो में स्कूटी सवार युवती को फ्लाइंग किस देता हुआ दिखाई दे रहा है।

युवती ने परिजनों के साथ दर्ज कराई FIR

वीडियो बनाने के बाद युवती घर पहुंची और अपनी आपबीती परिजनों को बताई। इसके बाद परिजन युवती को अपने साथ लेकर राजगामार पुलिस चौकी पहुंचे। जहां आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान राजकुमार राठिया के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने करतला गांव में छापेमारी की। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने मोटरसाइकिल (CG12AL1249) को जब्त कर लिया है। साथ ही आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कुछ दिन पहले भी युवती से छेड़छाड़ मामले में 2 युवकों को हिरासत में लिया गया था।

दूसरा केस- गार्डन से लौट रही युवतियों से बदसलूकी

वहीं दूसरी घटना रविवार दोपहर लगभग 2:30 बजे सीएसईबी चौकी के पास हुई। कुछ युवतियां अप्पू गार्डन से लौट रही थीं। इस दौरान कुछ बाइक सवार युवकों ने बदसलूकी की। लड़कियों को गालियां देकर भागने लगे। युवतियों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे फरार हो गए।

युवती को दिया था पब जाने का ऑफर

4 दिन पहले ही दो युवकों ने स्कूटी पर सवार एक युवती को पब चलने का ऑफर दिया। इस पर युवती ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों का पीछा किया। रेड सिग्नल पर बाइक रुकते ही युवती ने चाबी निकालकर फेंक दी। इस करतूत के लिए दोनों युवकों को फटकार लगाई।

साथ ही युवती ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया। इसके बाद युवकों के खिलाफ थाने में शिकायत की। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। कोरबा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि महिलाओं का सम्मान करें। अगर कोई छेड़छाड़ की घटना होती है, तो परिजन तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें।

छेड़छाड़ होने पर क्या करें ?

  • तुरंत विरोध करें
  • सुरक्षित स्थान पर जाएं
  • सबूत इकट्ठा करें
  • पुलिस में शिकायत करें
  • ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज करें (https://www.cybercrime.gov.in)

आत्मरक्षा और जागरूकता के लिए टिप्स

  • सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग लें। कई NGOs और पुलिस विभाग मुफ्त ट्रेनिंग देते हैं।
  • परिवार या दोस्तों से लोकेशन शेयर करें, खासकर रात में यात्रा करते समय।
  • अकेले ट्रैवल करने पर बिना पहचान वाले ड्राइवर या कैब से बचें।

जरूरी हेल्पलाइन नंबर

छत्तीसगढ़- 181 महिला हेल्पलाइन- 1091 पुलिस हेल्पलाइन- 112 साइबर अपराध- 1930 चाइल्ड-लाइन (18 से कम उम्र)- 1098 राष्ट्रीय महिला आयोग- 7827170170

Exit mobile version