बिलासपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के NTPC सीपत प्लांट में बुधवार को बड़ा हादसा हुआ है। प्लांट की यूनिट-5 में मेंटनेंस के दौरान प्री-एयर हीटर प्लेटफॉर्म टूट गया। हादसे में 1 मजदूर की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर है।
मिली जानकारी के मुताबिक मृत मजदूर का नाम श्याम साहू है, जो सीपत थाना क्षेत्र के पोड़ी गांव का रहने वाला था। हादसे के बाद तत्काल मजदूरों को NTPC हॉस्पिटल, सिम्स और अपोलो भेजा गया। सिम्स में एक की मौत हो गई, जबकि 8 लोगों का इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद बड़ी संख्या में मजदूरों के परिजन NTPC प्लांट के बाहर मौजूद हैं। गेट के बाहर और सड़क पर चक्काजाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं। राहगीर परेशान हो रहे हैं। गाड़ियों की कतार लग गई है, जिन्हें डायवर्ट रूट से भेजा जा रहा है।
वहीं प्रदर्शनकारी मृतक और घायलों के परिजनों को 50-50 लाख रुपए और नौकरी की मांग कर रहे हैं। पिछले 8 घंटे से चक्काजाम कर सड़क पर बैठे परिजनों ने कहा कि NTPC प्रबंधन कोई जानकारी नहीं दे रहा। वह गेट के बाहर रोते-बिलखते गुहार लगा रहे हैं, लेकिन मजदूर कहां हैं, कोई जानकारी नहीं मिल रही है।
हादसे के बाद की तस्वीरें …
NTPC सीपत प्लांट में 1 मजदूर की मौत के बाद परिजनों ने किया हंगामा।
NTPC सीपत प्लांट में हादसे के बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है।
बिलासपुर जिले में स्थित NTPC सीपत प्लांट में बुधवार को बड़ा हादसा हुआ।
एनटीपीसी प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश को देखते हुए पुलिस बल तैनात।
सीपत NTPC गेट के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
सीपत NTPC हादसे के बाद ग्रामीण भड़के हुए हैं। सैकड़ों की संख्या में गुस्साए ग्रामीण यूनिट-5 गेट के पास जमा हो गए हैं। गेट के बाहर जमकर हंगामा कर रहे हैं। एनटीपीसी प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। गेट के बाहर तनावपूर्ण माहौल है।
5 संविदा श्रमिक घायल, एक की मौत
वहीं NTPC सीपत के जनसंपर्क अधिकारी प्रवीण रंजन भारती ने बताया कि सीपत स्टेशन के यूनिट 5 में हादसे की जानकारी आई है, जिसमें 5 संविदा श्रमिक घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है। हादसे के कारणों की जांच चल रही है। जांच के बाद डिटेल में जानकारी दी जाएगी।
हादसे से जुड़ी ये तस्वीरें …
सीपत NTPC प्लांट के अंदर की तस्वीर है, यहीं हादसा हुआ है।
सीपत NTPC प्लांट के बाहर परिजनों की भीड़ है। बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची हैं।
प्लांट के 500 मेगावाट की यूनिट-5 में देर रात काम चल रहा था। दूसरी इकाई में शिफ्ट चेंज ओवर के समय बॉयलर में लीकेज हो गया।
NTPC प्लांट में हुए हादसे
- फरवरी 2019 : बिलासपुर के सीपत स्थित प्लाट में बॉयलर बॉटम में काम करते समय DGM सहित 9 मजदूर करीब 20 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गए थे। इस दौरान नीचे पानी में गिरने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई थी। हालांकि DGM जरूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
- अगस्त 2014 : कोरबा स्थित पावर प्लांट की 7 नंबर इकाई में काम चल रहा था। उसी समय बॉयलर का पाइप फट गया। इसमें दो इंजीनियर समेत 8 कर्मचारी गर्म राख की चपेट में आ कर झुलस गए थे। सभी को NTPC कोरबा के अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद बिलासपुर के अपोलो अस्पताल के लिए रवाना किया गया था।
