DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

स्वच्छता सर्वेक्षण में बिलासपुर की रेटिंग आगे:प्रेसिडेंट अवार्ड के लिए चयनित, मैकेनाइज्ड सफाई से बदली तस्वीर,डिप्टी सीएम साव बोले- मानिटरिंग और जनसहयोग से सफलता

बिलासपुर,एजेंसी। स्वच्छता के क्षेत्र में बिलासपुर को एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। छह साल के अंतराल के बाद शहर को प्रेसिडेंट अवॉर्ड के लिए चयनित किया गया है। छत्तीसगढ़ से चयनित तीन शहरों में बिलासपुर भी शामिल है। 17 जुलाई को अवॉर्ड दिया जाना है।

नगर निगम में शामिल पंचायत के 17 वार्डों में मैकेनाइज्ड सफाई व्यवस्था लागू की गई। इन वार्डों में इटली से इम्पोर्ट डिलेबो स्वीपिंग मशीन से सफाई की जा रही है। घर-घर से कचरा स्टोरेज के लिए 37 नए सफाई वाहन खरीदे गए हैं।

प्रात: भ्रमण की योजना

डिप्टी सीएम अरुण साव ने बताया कि भाजपा सरकार बनने के बाद अफसरों के प्रात: भ्रमण की योजना शुरू की गई। इससे हर गली और सड़क की सफाई की बेहतर योजना बन सकी। स्वच्छता पखवाड़ा और जनसमस्या निवारण पखवाड़ा आयोजित किए गए। स्वच्छता दीदियों को प्रेरित किया गया।

जनप्रतिनिधियों के सहयोग से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी। इससे सफाई में जनभागीदारी को बल मिला। नगर निगम की नई परिषद, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के प्रयासों से यह सफलता मिली है। व्यवस्था में बदलाव और नियमित निगरानी ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

रैंकिंग पिछले सालों की तुलना में इस बार बेहतर होगी

स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग आना अभी बाकी है, लेकिन प्रेसिडेंट अवार्ड में जगह बनाने से साफ है कि बिलासपुर की रैंकिंग पिछले सालों की तुलना में इस बार बेहतर होगी। पुराने नगर निगम एरिया में मैकेनाइज्ड सफाई और डोर टू डोर कचरा कलेक्शन पर हर महीने 3.50 करोड़ रुपए खर्च किए जाते थे।

जिसमें पिछले वित्त वर्ष से डेढ़ करोड़ की बढ़ोतरी करते हुए पंचायत के वार्डों को भी शामिल कर लिया गया। स्वच्छता सर्वेक्षण के पहले 62 सार्वजनिक शौचालयों को सर्वसुविधायुक्त बनाने 1.33 करोड़ और वाल राइटिंग पर 25 लाख रुपए खर्च किए गए।

जनता की जीत- महापौर

महापौर पूजा विधानी का कहना है कि प्रेसिडेंट अवॉर्ड के लिए चयन बिलासपुर शहर के लिए गौरव की बात है। जनप्रतिनिधि, निगम स्टाफ और आमजन को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि सबके सहयोग से ऐसा संभव हुआ। महापौर ने कहा कि निर्वाचन के दौरान जनता से उन्होंने सफाई, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का वादा किया, जिस पर वह खरा उतरने लगातार काम कर रही हैं।

5 स्टार और वाटर प्लस का दावा- कमिश्नर

नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार के मुताबिक, शहरों की रेटिंग में बिलासपुर इस बार 5 स्टार और वाटर प्लस के लिए है। पिछले सर्वेक्षण में बिलासपुर को 3 स्टार रेटिंग मिली थी। प्रेसिडेंट अवार्ड के लिए चयन होने पर उन्होंने निगम के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्टाफ और शहरवासियों को बधाई दी।

जानिए बिलासपुर को कब क्या रैंकिंग मिली

2017 में 179वें

2018 में 22वीं

2019 में 28वीं

2020 में 19वीं

2021 में 21वीं

2022 में 25वीं

2023 में 28वीं

Exit mobile version