DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

युवक को पीटने वाली भाजपा नेत्री पद से हटाई गईं:महामाया मंदिर के गेट पर चप्पल से पीटा था, 4 दुकानदारों को भी नोटिस

बिलासपुर,एजेंसी। बिलासपुर के रतनपुर के महामाया मंदिर परिसर में युवक को चप्पल से पीटने वाली भाजपा नेत्री को पार्टी ने पद से हटा दिया है। मंदिर ट्रस्ट, पुलिस और भाजपा संगठन ने अपने-अपने स्तर पर कार्रवाई शुरू की है।

ट्रस्ट ने सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में 4 दुकानदारों को सात दिन के भीतर दुकानें हटाने का नोटिस दिया है। वहीं भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोतीलाल जायसवाल ने रतनपुर अल्पसंख्यक मोर्चा की महामंत्री रेहाना बेगम को जांच अवधि तक पद से मुक्त कर दिया है।

बता दें कि 22 अगस्त को मंदिर के गेट के पास चोरी के पुराने विवाद को लेकर भाजपा से जुड़े 2 पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज होने लगी। इसी दौरान महिला मोर्चा अल्पसंख्यक की महामंत्री रेहाना बेगम ने चप्पल से दूसरे पक्ष के एक युवक की पिटाई कर दी।

घटना का वीडियो भी सामने आया। जिसमें बीजेपी नेत्री बाइक से उतरकर युवक को चप्पल से मारती हुई दिखाई दीं थी। विवाद के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है।

दोनों पक्षों में विवाद के बाद गाली-गलौच और मारपीट हुई थी।

चार दुकानदारों को दुकानें हटाने का अल्टीमेटम

महामाया मंदिर ट्रस्ट ने भागवत उर्फ राहुल पटेल की महामाया फ्लावर दुकान, ईश्वर प्रधान, चिंकी प्रधान और राजू शर्मा की दुकानों को नोटिस जारी किया है। ट्रस्ट का कहना है कि विवाद के दौरान गाली-गलौज का वीडियो सामने आया, जिससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुईं।

नोटिस में सात दिन के भीतर दुकानें हटाने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रस्ट ने कहा है कि तय समय में दुकानें नहीं हटाई गईं तो बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदू संगठनों ने मंदिर ट्रस्ट को सौंपा ज्ञापन

विवाद के बाद हिंदू संगठनों ने मंदिर ट्रस्ट को ज्ञापन देकर मंदिर परिसर में गैर-हिंदुओं की दुकानें बंद कराने की मांग की। इसके अलावा नवरात्रि के दौरान एक निजी कंपनी के तेल की खरीद नहीं करने की अपील भी रखी गई।

हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन की तैयारी की थी, लेकिन कुछ नेताओं के मौके पर नहीं पहुंचने के कारण मामला फिलहाल ज्ञापन तक ही सीमित रहा। एहतियात के तौर पर मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

पुलिस ने 2 लोगों को किया गिरफ्तार

रतनपुर टीआई नीलेश पांडेय के अनुसार, विवाद के मामले में FIR दर्ज की गई है और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक 22 अगस्त को मंदिर परिसर में रेहाना बेगम और एक अन्य व्यक्ति के बीच विवाद हुआ था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा। शिकायत के आधार पर रेहाना बेगम के खिलाफ SC-ST एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

भाजपा ने रेहाना बेगम को पद से हटाया

वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोतीलाल जायसवाल ने रेहाना बेगम को अल्पसंख्यक मोर्चा की महामंत्री के पद से मुक्त कर दिया।

जायसवाल ने कहा कि संगठन अनुशासन से जुड़े मामलों में तत्काल संज्ञान लेता है। निष्पक्ष जांच हो और जांच में किसी तरह की बाधा न आए, इसलिए जांच पूरी होने तक उन्हें पदमुक्त किया गया है।

वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद

घटना के बाद मारपीट और गाली-गलौज का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ। भाजपा से जुड़े समूहों समेत अन्य सोशल मीडिया ग्रुपों में भी वीडियो शेयर किए जाने की बात सामने आई।

वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस कार्रवाई से लेकर मंदिर ट्रस्ट और भाजपा संगठन तक पहुंच गया। अब पुलिस की जांच पर नजर है कि पूरे विवाद में किस-किस की भूमिका सामने आती है और आगे किन लोगों पर कार्रवाई होती है।

Exit mobile version