रायपुर, एजेंसी। रायपुर में अमित जोगी के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सियासी विवाद बढ़ गया है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष अमित जोगी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर पोस्ट किए गए आपत्तिजनक वीडियो के खिलाफ अब भाजपा रायपुर में FIR दर्ज कराने की तैयारी में है। भाजपा की ओर से इस मामले में सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
दरअसल, अमित जोगी ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर पीएम मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो में दोनों के मुखौटे पहने किरदारों को दिखाया गया था। इसके बाद ‘ज्ञानू-जानू की शादी’ के नाम से सांकेतिक शादी और हनीमून का दृश्य दिखाया गया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी आलोचना शुरू हो गई।
विवाद बढ़ा तो डिलीट किया वीडियो, मांगी माफी
वीडियो को लेकर विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया। उन्होंने पोस्ट के जरिए माना कि अपनी बात रखने का तरीका सही नहीं था। जोगी ने लिखा कि वे जिस संदेश को देना चाहते थे, उसे दूसरे तरीके से भी रखा जा सकता था।
उन्होंने कहा कि खुद का मजाक उड़ाकर अपनी बात कहना अलग है, लेकिन किसी निजी रिश्ते या स्पेस को व्यंग्य का हिस्सा बनाना ऐसी सीमा है, जिसे वे पार नहीं करना चाहते। इसी वजह से पोस्ट हटा दी गई। जिन लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, उनसे उन्होंने माफी भी मांगी।
अब भाजपा थाने में दर्ज कराएगी शिकायत
वीडियो हटाने और माफी मांगने के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ है। रायपुर भाजपा इस पोस्ट को लेकर पुलिस में शिकायत करने जा रही है। पार्टी की ओर से सिविल लाइंस थाने में FIR दर्ज करने की मांग की जाएगी।

