DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बीजेपी सांसद बोले- भूपेश बघेल अडानी के PA:पूर्व CM ने कहा- मानसिक स्थिति ठीक नहीं, इलाज कराइए, BSP के निजीकरण पर कॉन्ट्रोवर्सी

दुर्ग-भिलाई, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के निजीकरण और इसे अडानी ग्रुप के खरीदने की चर्चा पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और भाजपा सांसद विजय बघेल के बीच बयानबाजी हो रही है। सांसद विजय ने भूपेश बघेल को अडानी का पीए और पीआरओ बता दिया।

इसके जवाब में भूपेश बघेल ने सांसद की मानसिक स्थिति पर सवाल उठाए और उन्हें इलाज कराने की सलाह दे दी। दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आशंका जताई थी कि अडानी समूह के प्लांट दौरे की आड़ में बीएसपी को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी हो रही है।

भाजपा नेता और विधायक रिकेश सेन ने इन आरोपों को भ्रामक बताते हुए प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। इसके बाद बीएसपी प्रबंधन और इस्पात मंत्रालय ने प्लांट को बेचने की खबरों का खंडन किया। इस पर भूपेश बघेल ने प्रबंधन के खंडन पर सवाल उठाए थे।

बीएसपी प्रबंधन और इस्पात मंत्रालय ने प्लांट को बेचने की खबरों का खंडन किया।

बीएसपी बेचने की चर्चा पर शुरू हुई सियासत

दरअसल, बीएसपी को बेचने की चर्चा के बाद यह विवाद शुरू हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अडानी के प्लांट के दौरे की आड़ में भिलाई स्टील प्लांट को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी की जा रही है।

इसके बाद भाजपा नेता और विधायक रिकेश सेन ने इन आरोपों को भ्रामक बताया। उन्होंने इसे चुनावी स्टंट बताते हुए प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी।

विवाद बढ़ने पर बीएसपी प्रबंधन और इस्पात मंत्रालय ने प्लांट को बेचने की खबरों को गलत बताया। इस पर भूपेश बघेल ने बीएसपी प्रबंधन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब यह मामला भारत सरकार का है, तो प्रबंधन को इसका खंडन करने का अधिकार किसने दिया?

सांसद बोले- भूपेश बघेल अडानी के पीए या पीआरओ लगते हैं

बीजेपी सांसद विजय बघेल ने कहा कि अडानी न तो घूमने आ रहे हैं और न ही बीएसपी खरीदने। उन्होंने भूपेश बघेल पर तंज कसते हुए कहा कि अडानी क्या करते हैं, कहां जाते हैं,

ऐसा लगता है कि भूपेश बघेल को उनके कामों की पूरी जानकारी रहती है। ऐसा लगता है कि भूपेश बघेल उनके पीए या पीआरओ हैं। उन्होंने कहा कि इतनी जानकारी तो किसी करीबी व्यक्ति को ही हो सकती है।

भूपेश बोले- सांसद की मानसिक स्थिति ठीक नहीं, इलाज करवाएं

सांसद विजय बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि विजय बघेल दो बार के सांसद हैं, फिर भी ऐसी बातें कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भिलाई स्टील प्लांट में भर्ती नहीं हो रही है और युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। वहीं, कर्मचारियों को ठेके पर काम करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सांसद को इन मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

कहां से शुरू हुआ पूरा विवाद

भूपेश बघेल ने 14 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर अडानी के BSP दौरे की संभावित जानकारी साझा की थी। उन्होंने आशंका जताई थी कि प्लांट को बेचने की तैयारी हो रही है। इसके बाद बीएसपी के निजीकरण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई।

बीएसपी प्रबंधन ने बाद में प्लांट को बेचने की खबरों को भ्रामक बताया। साथ ही कर्मचारियों और आम लोगों से अपुष्ट खबरों पर भरोसा नहीं करने की अपील की। इस पर भूपेश बघेल ने सवाल उठाया कि जब अडानी बीएसपी खरीदने नहीं आ रहे, तो क्या वे यहां घूमने आ रहे हैं? उन्होंने यह भी कहा कि अडानी की नजर बीएसपी की रेल मिल पर है।

सांसद बोले- बीएसपी न बिकेगा, न कोई बेचेगा

दुर्ग से भाजपा सांसद विजय बघेल ने कहा कि भिलाई स्टील प्लांट न बिकेगा और न ही कोई इसे बेचने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय इस्पात मंत्री के नेतृत्व में बीएसपी के विस्तार का काम चल रहा है। इस संबंध में लगातार बैठकें हो रही हैं और काम की प्रगति की जानकारी ली जा रही है।

विजय बघेल ने कांग्रेस पर लोगों को भ्रमित करने का आरोप लगाया। उन्होंने भिलाई और दुर्ग के लोगों से अपील की कि वे अफवाहों और भ्रामक बयानों पर भरोसा न करें। उन्होंने कहा कि भिलाई स्टील प्लांट इस क्षेत्र की शान है। यहां बनने वाली रेल पटरियों का इस्तेमाल दुनिया के कई देशों में किया जा रहा है।

10 हजार लोगों को नोटिस देने का मामला अलग

बीएसपी की जमीन पर बने आवास खाली कराने के लिए करीब 10 हजार लोगों को नोटिस दिए जाने के मुद्दे पर भी सांसद ने बात की। देवेंद्र यादव ने यह मामला उठाया था। इस पर विजय बघेल ने कहा कि यह बीएसपी को बेचने के मुद्दे से अलग है।

उन्होंने कहा कि रिटेंशन में रहने वाले लोगों की समस्या का समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें हो रही हैं। बीएसपी की खाली हो रही जमीन का भविष्य में कैसे इस्तेमाल किया जाए, इस पर भी विचार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है।

Exit mobile version