DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

GST के संशोधित बिल के फायदे जनता को बताएगी बीजेपी:सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक प्रचार करेंगे भाजपा नेता, टीम में सांसद-MLA शामिल

रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में जीएसटी की नई दरें 22 सितंबर से लागू होगी। जीएसटी के संशोधित बिल को प्रदेशवासियों को लाभ देगा बीजेपी नेताओं का यह दावा है। जीएसटी के संशोधित बिल का फायदा गिनाने और इसे चुनावी नरेटिव बनाने की तैयारी बीजेपी ने शुरू कर दी है।

पार्टी ने प्रदेशभर में सम्मेलन, प्रचार अभियान और सोशल मीडिया कैंपेन चलाने का रोडमैप तैयार किया है। इसके लिए प्रदेश स्तरीय कमेटी बनाई गई है, जिसमें महामंत्री यशवंत जैन को संयोजक नियुक्त किया गया है। सदस्य के तौर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, जगदलपुर महापौर संजय पांडेय और रायपुर नगर निगम के पूर्व सभापति प्रफुल्ल विश्वकर्मा शामिल हैं।

सालाना प्रति परिवार 50 हजार की होगी बचत

भाजपा का जोर है कि 22 सितंबर से लागू होने वाले नए प्रावधानों से रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में कमी दिखनी शुरू हो जाएगी। पार्टी नेताओं का दावा है कि इससे आम परिवार को सालाना 50 हजार रुपए तक की बचत होगी।

व्यापारी सम्मेलन और विधानसभा स्तर पर सभाओं के जरिए इन फायदों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। सभी शहरी निकाय पीएम मोदी को धन्यवाद प्रस्ताव पारित करेंगे।

सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक चलेगा अभियान

अभियान में सोशल मीडिया, होर्डिंग्स और लाभार्थियों की कहानियों का इस्तेमाल होगा। पार्टी मानती है कि जीएसटी सुधार सिर्फ आर्थिक राहत नहीं बल्कि भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने की दिशा में अहम कदम है।

प्रदेश के जिलों में भी कमेटियां बनाई गई हैं। रायपुर शहर जिला भाजपा की जिम्मेदारी ललित जैसिंघ को दी गई है। उनके साथ सुरेश पटेल, विकास सेठिया और तनेश आहूजा सदस्य रहेंगे। यह टीम रायपुर की चारों विधानसभा सीटों पर प्रचार अभियान चलाएगी।

Exit mobile version