सरगुजा,एजेंसी। छत्तीसगढ़ भाजपा 7 से 9 जुलाई तक मैनपाट में चिंतन शिविर का आयोजन करेगी। तीन दिवसीय चिंतन शिविर की तैयारियां शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्री, सांसद, भाजपा और आरएसएस के पदाधिकारियों के ठहरने की व्यवस्था मैनपाट में की गई है। पर्यटन मंडल के मोटल और रिसॉर्ट का कायाकल्प किया जा रहा है। सड़कें सुधारी जा रही हैं।
मंगलवार को तैयारियों का जायजा लेने प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी मैनपाट पहुंचे। भाजपा के चिंतन शिविर के शुभारंभ अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और समापन अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। चिंतन शिविर का आयोजन तिब्बती कैंप नंबर-1 में स्थित तिब्बती सामुदायिक भवन में किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश के सभी सांसदों और विधायकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रभारी मंत्री ने देखी आवश्यक तैयारी।
पहुंचे प्रभारी मंत्री, देखी तैयारी
चिंतन शिविर के लिए मैनपाट में सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पर्यटन मंडल के करमा और शैला रिसॉर्ट का कायाकल्प किया जा रहा है। सड़कों में मरम्मत का काम भी तेजी से किया जा रहा है। मंगलवार को मैनपाट पहुंचे सरगुजा के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने सभी तैयारियां देखीं और आवश्यक निर्देश दिए। मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि, इस बड़े आयोजन से मैनपाट को भी नई पहचान मिलेगी।
सभी होटल रिसॉर्ट आरक्षित
- मैनपाट के शैला रिसॉर्ट के पास स्थित सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ठहरेंगे। सर्किट हाउस के सभी 4 कमरे मुख्यमंत्री के लिए आरक्षित हैं।
- वनविभाग के गेस्ट हाउस में विधानसभा अध्यक्ष ठहरेंगे।
- शैला रिसॉर्ट के सभी 22 कमरे वर्तमान और पूर्व मंत्रियों के लिए आरक्षित किए गए हैं।
- वरिष्ठ सांसद और विधायकों के लिए करमा एथनिक रिसॉर्ट और देव हेरिटेज में ठहरने की व्यवस्था की गई है।
- इसके अतिरिक्त सेंट्रल प्वाइंट और पितांबर होटल को रिजर्व रखा गया है।
- भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय डोलमा रिसॉर्ट में रूकेंगे।
प्रशासन ने भी झोंकी ताकत
चिंतन शिविर के तीन दिन पूरी सरकार मैनपाट में होगी। इसे देखते हुए प्रशासन ने भी तैयारियों में पूरी ताकत झोंक दी है। सरगुजा संभाग में हो रही झमाझम बारिश में मैनपाट जितना सुहाना है, वहीं मैनपाट में व्यवस्था करने में भी उतनी ही परेशानी हो रही है।
अतिथियों के रुकने, भोजन और नाश्ते की पूरी व्यवस्था की जा रही है। भाजपा संगठन से जुड़े लोग भी लगातार मैनपाट में डटे हैं। इस निरीक्षण के दौरान सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, गृहनिर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर, एसपी राजेश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
