DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बीएलओ 3 बार करेंगे मतदाता सूची का सत्यापन

Divya Akash

जांजगीर। छत्तीसगढ़ सहित 12 राज्यों में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का काम शुरू हो गया है। इस मौके पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक और प्रेसवार्ता कर पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। कलेक्टर ने बताया कि इस विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य हर योग्य नागरिक को मतदाता सूची में जोड़ना और अयोग्य मतदाता को हटाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में त्रुटियों को रोकने के लिए यह कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण है। “हम चाहते हैं कि हमारी मतदाता सूची पूरी तरह से शुद्ध और त्रुटि रहित हो।

कलेक्टर ने कहा कि बीएलओ (बूथ स्तरीय अधिकारी) प्रत्येक मतदाता के घर जाकर सत्यापन करेंगे। नए मतदाता के लिए फॉर्म-6 और घोषणा पत्र एकत्रित किए जाएंगे और आवश्यक जानकारी आधार से लिंक की जाएगी। बीएलओ प्रत्येक घर में कम से कम तीन बार दौरा करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कोई भी योग्य मतदाता छूट न जाए।

उन्होंने यह भी बताया कि शहरी क्षेत्रों और अस्थायी प्रवासियों के लिए ई.एफ. (इलेक्टोरल फॉर्म) ऑनलाइन भरा जा सकता है, जिसे बीएलओ घर जाकर सत्यापित करेंगे। मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित या एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं की पहचान भी बीएलओ करेंगे। कलेक्टर ने कहा, “हमारी कोशिश है कि कोई भी नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे। इसके लिए बीएलओ को घर-घर जाकर पूरी जिम्मेदारी दी गई है। यदि घर पर कोई अनुपस्थित है या ताला लगा है, तो भी बीएलओ कम से कम तीन बार कोशिश करेंगे।”

Exit mobile version