DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

नहाने के लिए निकले व्यक्ति का नदी में मिला शव:कोरबा के पुरेना गांव में खोलार नदी किनारे कपड़े और नहाने का सामान बरामद

कोरबा। कोरबा के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम पुरेना स्थित खोलार नदी में मंगलवार को 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बाबूलाल निर्मलकर, पिता घासीराम निर्मलकर, निवासी ग्राम पुरेना के रूप में हुई है।

संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आशंका है कि नहाने के दौरान तबीयत बिगड़ने से वह नदी में डूब गया होगा। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

नहाने के लिए घर से निकला था बाबूलाल

जानकारी के अनुसार, बाबूलाल निर्मलकर मंगलवार को नहाने के लिए घर से खोलार नदी जाने निकला था। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहा था। दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित थे। इसी दौरान मवेशी चराने गए कुछ ग्रामीणों की नजर नदी में पड़े शव पर पड़ी। शव देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों ने इसकी सूचना वार्ड पार्षद पति शिवरतन को दी। उन्होंने बांकी मोंगरा थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राम कुमार साव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर पंचनामा कार्रवाई की।

नदी किनारे मिले कपड़े और नहाने का सामान

घटनास्थल पर पुलिस को नदी किनारे मृतक के कपड़े, हाफ पैंट, गमछा, लाठी, गुड़ाखू की डिब्बी, हरे रंग का निरमा साबुन और तेल की छोटी डिब्बी मिली है। मृतक के हाथ में गोल्डन रंग की घड़ी भी थी। मौके पर मिले सामान से अनुमान लगाया जा रहा है कि वह नहाने के लिए नदी पहुंचा था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बाबूलाल की मौत किन परिस्थितियों में हुई। आशंका जताई जा रही है कि अस्वस्थ होने के कारण नहाते समय उसकी तबीयत बिगड़ गई होगी और वह नदी में डूब गया होगा। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद ग्राम पुरेना में शोक का माहौल है।

Exit mobile version