DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जांजगीर-चांपा में नाले में बाइक समेत मिला युवक का शव:ससुराल से दीदी के घर जाने निकला था, सिर पर चोट के निशान

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम बनारी के पास नाले में एक युवक का शव मोटरसाइकिल सहित मिला। मृतक की पहचान अकलतरा निवासी प्रवीण मारचे (28) के रूप में हुई है।

जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई, जिसके बाद वह बाइक समेत नाले में जा गिरा। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

सरपंच की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस

सिटी कोतवाली पुलिस के अनुसार, गांव के सरपंच ने सूचना दी थी कि नाले में एक युवक मृत अवस्था में पड़ा है और पास में मोटरसाइकिल भी गिरी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान प्रवीण मारचे निवासी अकलतरा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।

ससुराल से दीदी के घर जाने निकला था युवक

प्रारंभिक जांच में पता चला कि प्रवीण 16 नवंबर को अपने ससुराल ग्राम पुटपुरा आया हुआ था। उसी दिन शाम करीब 6:30 बजे वह नैला स्थित अपनी दीदी के घर जाने के लिए निकला था। आशंका है कि बनारी के पास पुल पर उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। इसके बाद वह बाइक समेत नाले में जा गिरा।

पुलिस के अनुसार, मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। आशंका है कि गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

मंगलवार को शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version