जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम तेंदुभाटा में सड़क किनारे पाइप के पास एक 23 साल के युवक का शव मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। यह मामला नैला चौकी क्षेत्र का है।
मृतक की पहचान तेंदुभाटा निवासी सोनू साहू (23 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिवार वालों को दे दी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलेंडन यॉर्क के अनुसार, सड़क किनारे शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर किसी तरह के साफ चोट के निशान नहीं मिले हैं। मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन भी मिला है। पुलिस अब मोबाइल की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि युवक ने आखिरी बार किससे और कब बात की थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति साफ होने की उम्मीद है।
युवक की मौत हादसे में हुई है, हत्या हुई है या फिर कोई और कारण है—इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
