कोरबा। कोरबा में सदर सुन्नी मुस्लिम जमात के अध्यक्ष हाजी इखलाक खान असरफी के गोदाम में चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने जेसीबी मशीन से गोदाम की बाउंड्रीवॉल तोड़कर प्रवेश किया और ठेकेदारी से संबंधित एचडीडी मशीन का लगभग 6 लाख रुपए का कीमती सामान चुरा लिया। पुलिस को सूचना दे दी गई है और कार्रवाई की मांग की गई है।
यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के दर्री रोड स्थित हाजी इखलाक खान असरफी के गोदाम में शनिवार रात करीब 2 बजे हुई बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में चोर जेसीबी मशीन लेकर आते, दीवार तोड़ते और गोदाम को नुकसान पहुंचाते साफ दिख रहे हैं। इस मामले में कोतवाली थाना पुलिस से 6 लाख रुपए का सामान चोरी होने की शिकायत की गई है।
6 लाख के कीमती पुर्जे चोरी
वारदात के समय कुत्तों के भौंकने और दीवार तोड़ने व गाड़ी की आवाजें भी सुनाई दी थीं। हालांकि, लोगों को लगा कि गोदाम में कोई काम चल रहा है। सुबह जब कर्मचारी गोदाम पहुंचे, तब उन्हें चोरी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
चोरी हुए सामान में ठेकेदारी से संबंधित एचडीडी मशीन के कीमती पुर्जे शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख रुपए बताई जा रही है। हाजी इखलाक खान एक ठेकेदार हैं और उनका काम कोरबा जिले के साथ-साथ अन्य जिलों में भी चलता है।
सभी पहलुओं पर जांच
इस घटना को लेकर चोरी के साथ-साथ जमीन विवाद की आशंका भी जताई जा रही है। कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि कोतवाली थाना पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

