DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

ब्लैकस्टोन से पीजीपी ग्लास खरीदेगी ब्रुकफील्ड, 1.7 अरब डॉलर की डील से मची हलचल

मुंबई, एजेंसी। वैश्विक निवेश कंपनी ब्रुकफील्ड ने खास तरह की कांच पैकेजिंग बनाने वाली कंपनी पीजीपी ग्लास का ब्लैकस्टोन से 1.7 अरब अमेरिकी डॉलर में अधिग्रहण करने पर सहमति जताई है। संबंधित कंपनियों ने सोमवार को एक संयुक्त बयान में यह जानकारी दी। इस सौदे के 2027 की पहली तिमाही में पूरा होने की उम्मीद है। हालांकि, इसके लिए नियामकीय और सरकारी मंजूरियों सहित अन्य जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी। पीजीपी ग्लास सौंदर्य प्रसाधन, इत्र, खाद्य एवं पेय पदार्थ और दवा उद्योगों के लिए विशेष डिजाइन वाली कांच की बोतलें और कंटेनर बनाती है। कंपनी 70 से अधिक देशों में प्रमुख वैश्विक ब्रांडों को अपनी सेवाएं देती है। इसके भारत और श्रीलंका में तीन विनिर्माण संयंत्र हैं। ब्रुकफील्ड ने कहा कि वह कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित बदलाव कार्यक्रम के जरिये कंपनी की वृद्धि के अगले चरण को गति देगी। इसके तहत बिक्री एवं परिचालन योजना, उत्पादन क्षमता और गुणवत्ता नियंत्रण में सुधार पर ध्यान दिया जाएगा। 

ब्रुकफील्ड के एशिया प्रशांत और पश्चिम एशिया में निजी इक्विटी कारोबार के प्रमुख आदित्य जोशी ने कहा कि कंपनी की वैश्विक पहुंच और परिचालन विशेषज्ञता पीजीपी ग्लास की वृद्धि को तेज करने में मदद करेगी। ब्लैकस्टोन ने कहा कि उसके स्वामित्व के दौरान पीजीपी ग्लास ने अपनी उत्पादन क्षमता का विस्तार किया और परिचालन को मजबूत किया है। पीजीपी ग्लास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विजय शाह ने कहा कि ब्रुकफील्ड की वैश्विक मौजूदगी और विभिन्न आर्थिक परिस्थितियों में कारोबार चलाने का अनुभव कंपनी की वृद्धि और मूल्यवर्धन में मदद करेगा। ब्रुकफील्ड के अनुसार, यूरोप और उत्तरी अमेरिका में कांच की पैकेजिंग बनाने वाली कंपनियों पर लागत का दबाव बढ़ने और उत्पादन क्षमता के युक्तिकरण से पीजीपी ग्लास के लिए बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के अवसर पैदा हुए हैं।

Exit mobile version