DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में चला बुलडोजर, शासकीय जमीन से हटाए अतिक्रमण:NH-130 पर भी गिरे तीन मकान, ग्रामीणों के विरोध के बीच प्रशासन की कार्रवाई

कोरबा। कोरबा जिले में शुक्रवार को जिला प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ दो बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि और सड़क निर्माण में बाधा बने अतिक्रमणों को हटाया। कनकी-तरदा मुख्य मार्ग पर अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया।

वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-130 (NH-130) पर सुतर्रा-जुरली के बीच सड़क निर्माण में बाधक तीन मकानों पर बुलडोजर चलाया गया। दोनों स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।

प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए तीन मकानों को बुलडोजर से गिरा दिया।

कनकी-तरदा मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

पहली कार्रवाई बरपाली तहसीलदार सत्यपाल राय के नेतृत्व में कनकी-तरदा मुख्य मार्ग पर की गई। प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। शिकायत मिली थी कि सिंचाई विभाग की शासकीय भूमि पर अवैध रूप से मकान और दुकानें बनाकर कब्जा किया गया है।

प्रशासन के अनुसार कुछ लोगों द्वारा जमीन की प्लाटिंग कर खरीद-बिक्री भी की जा रही थी। मामले में करीब 85 घरों को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था।

शुक्रवार सुबह प्रशासन ने नोटिस प्राप्त तीन मकानों और दुकानों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई।

विरोध के चलते फिलहाल रोकी गई कार्रवाई

कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल अभियान रोक दिया है। तहसीलदार सत्यपाल राय ने बताया कि विरोध के कारण कार्रवाई स्थगित की गई है, लेकिन आने वाले दिनों में जिला प्रशासन और पुलिस बल के सहयोग से शेष अवैध कब्जों को भी हटाया जाएगा।

प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची।

NH-130 पर सड़क निर्माण में बाधा बने मकान ढहाए

दूसरी बड़ी कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर सुतर्रा-जुरली के बीच की गई। यहां सड़क निर्माण का कार्य पिछले दो वर्षों से रुका हुआ था। कुछ प्रभावित परिवार कम मुआवजा मिलने का आरोप लगाते हुए मकान खाली नहीं कर रहे थे। मामला न्यायालय में भी विचाराधीन था।

प्रशासन का कहना है कि एक सप्ताह पहले प्रभावितों को मुआवजा राशि प्रदान कर दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद मकान खाली नहीं किए गए। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए तीन मकानों को बुलडोजर से गिरा दिया।

अब सड़क निर्माण कार्य को मिलेगी गति

अधिकारियों के मुताबिक, अतिक्रमण हटने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग के रुके हुए निर्माण कार्य को दोबारा गति मिल सकेगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों और विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version