कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा से गोलीकांड की घटना सामने आई है। जहां बाइक सवार दो हमलावरों ने एक बंद घर और दुकान पर दो राउंड गोली चलाई है। घटनास्थल से एक कारतूस बरामद हुआ है। मामला कटघोरा थाना क्षेत्र के कसनिया गांव का है।
मकान मालिक वसीम मेमन ने बताया कि वह घर के अंदर था, जब गोली चलने की आवाज सुनाई दी। उस समय उनके पिता और बहन दरवाजे के पास खड़े थे। फायरिंग के बाद वे तुरंत घर के अंदर चले गए। एक गोली दुकान के शटर पर जबकि दूसरी मुख्य द्वार पर लगी।

कोर्ट में चल रहा मामला
वसीम के अनुसार, उनके छोटे भाई का कोर्ट में एक मामला चल रहा है। इसी विवाद से जुड़े लोगों की ओर से यह घटना की गई हो सकती है। इधर, मामले की जानकारी मिलते ही एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
10 हजार में दी गई थी सुपारी
जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के लिए शूटर को उत्तर प्रदेश से बुलाया गया था। पहले तो पीड़ित व्यक्ति तोफिक के पैर पर गोली चलाने की योजना थी, लेकिन बाद में पूरा कांट्रैक्ट उसके घर पर फायरिंग करने के लिए दे दिया गया। वारदात के लिए 10 हजार रुपए की सुपारी दी गई थी।
हथियार की तलाश जारी
मामले में तीन आरोपियों के शामिल होने की बात सामने आई है, जिनमें से एक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पकड़ा गया आरोपी बस से भागने की फिराक में था लेकिन एक बाइक एक्सीडेंट के बाद वह कपड़े बदलकर बस से फरार होने की कोशिश कर रहा था, तभी उसे धर दबोचा गया।
मामले में इस्तेमाल हुआ कारतूस कल ही बरामद कर लिया गया है, जबकि हथियार की तलाश अभी भी जारी है। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए कटघोरा थाना में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
