DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बिलासपुर-रतनपुर में खड़े ट्रेलर से टकराई बस, 12 यात्री घायल:गंभीर घायल यात्री सिम्स रेफर; बस ड्राइवर का दोनों पैर फ्रैक्चर

बिलासपुर/कोरबा। बिलासपुर जिले के रतनपुर-कोरबा नेशनल हाईवे में आज (16 दिसंबर) सुबह एक यात्री बस खड़े ट्रेलर से जा टकराई। हादसे में 12 यात्री घायल हुए है। इनमें 5 यात्रियों को गंभीर चोट लगी है। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है। सुबह साढ़े 5 बजे दर्री पारा बाईपास के पास ये घटना हुई।

जानकारी के मुताबिक, सड़क किनारे ब्रेकडाउन की स्थिति में एक ट्रेलर (CG 12 AW 3236) खड़ी थी। तभी बिहार से रायपुर जा रही रॉयल बस (CG 06 GY 8153) ने ट्रेलर को पीछे से टक्कर मारी। हादसे के वक्त 25 से ज्यादा यात्री सवार थे। बस ड्राइवर का दोनों पैर फ्रैक्चर हुआ है।

हादसे के बाद की तस्वीर।

हादसे के बाद की तस्वीर।

सुबह के समय रास्ते में कम विजिबिलिटी भी थी।

घायलों को बिलासपुर रेफर किया गया

घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की सहायता से रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 4 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।

घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारी

हादसे की जानकारी मिलते ही रतनपुर तहसीलदार शिल्पा भगत और रतनपुर थाना प्रभारी भी तत्काल घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

घायलों के नाम

  1. सुरेंद्र विश्वकर्मा, हेल्पर
  2. कमालुद्दीन अंसारी, ड्राइवर
  3. राजेश्वर राम
  4. दीपक कुमार
  5. सनोज यादव
  6. मंजय कुमार
  7. राकेश कुमार सिंह
  8. कु. सलोनी सिंह
  9. सुनीता सिंह
  10. शाहजहां खातून
  11. चिंता कुमारी
  12. अशरफी सिंह

बस की खिड़की का कांच टूटकर सड़कों पर फैल गया।

गंभीर चोट लगे यात्री सिम्स रेफर

घायलों में सुरेन्द्र विश्वकर्मा, मंजय कुमार, कमालुद्दीन अंसारी, राकेश कुमार सिंह और सलोनी सिंह को बेहतर उपचार के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।

SSP रजनेश सिंह ने कहा कि घटना में कोई ज्यादा हताहत नहीं हुआ है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए सिम्स भेज दिया गया है। ड्राइवर के दोनों पैर फ्रैक्चर हुए है। 1 यात्री के कमर में चोट पहुंची है।

Exit mobile version