बिलासपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बर्ड फ्लू फैलने के बाद जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शहर से लगे कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र में एवियन इन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) की पुष्टि होने के बाद चिकन और अंडों की बिक्री पर पूरी तरह से 10 किलोमीटर के दायरे में रोक लगा दी है।
नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन-खाद्य विभाग की संयुक्त टीमों को पोल्ट्री फार्म, होटलों और चिकन दुकानों को बंद कराने का जिम्मा सौंपा गया है। इसके कारण निगम क्षेत्र में रोजाना करीब 50 लाख रुपए का कारोबार प्रभावित हो रहा है।

पशुपालन, नगर निगम और खाद्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। अगर कहीं चिकन या अंडों की बिक्री करते हुए पाया गया, तो संबंधित सामग्री जप्त कर नष्ट की जाएगी। इसके अलावा होटलों और रेस्टोरेंट्स में भी चिकन और अंडों के उपयोग और बिक्री पर रोक है, जिसकी निगरानी खाद्य विभाग कर रही है।
जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ।
एक किमी दायरे में 6 घरों से मुर्गियां जब्त कर नष्ट की गई।
पशु पालन और चिकित्सा विभाग की 9 टीम सक्रिय
पशुपालन विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. जीएसएस. तंवर ने बताया कि संक्रमित क्षेत्र के साथ ही आसपास के 10 किमी के दायरे में किसी भी प्रकार की चिकन और अंडे की खरीद-बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। इसके लिए 4-4 सदस्यों की 9 अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार क्षेत्र में निरीक्षण कर रही है।
इन इलाकों में विशेष निगरानी
संक्रमण के मद्देनजर नगर निगम के शहरी क्षेत्र के साथ ही सेंदरी, मोपका, तोरवा, लालखदान, राजकिशोर नगर, तिफरा, सकरी, उसलापुर और तारबाहर समेत आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
गुरुवार को यहां दुकानों की जांच के साथ साफ-सफाई और कचरा निस्तारण की भी देखा गया। पशुपालन विभाग के जांच अधिकारियों का कहना है मौके पर टीम के पहुंचते ही दुकानें बंद कर दी जाती हैं, लेकिन उनके लौटते ही फिर से दुकानें खोल दी गई।
पोल्ट्री फार्म के 5 हजार मुर्गे-मुर्गियों को नष्ट किया गया था।
7-10 दिन तक जारी रह सकती है कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार शासकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र में शेडों की सफाई शुरू कर दी गई है और जल्द ही सैनिटाइजेशन किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया की रिपोर्ट केंद्रीय टीम को भेजी जाएगी। इस प्रक्रिया में 7 से 10 दिन का समय लग सकता है, तब तक प्रतिबंध जारी रहने की संभावना है।
1 KM क्षेत्र में कड़ी पाबंदी
संक्रमित केंद्र के 1 किलोमीटर के दायरे में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इस क्षेत्र में चिकन और अंडों की खरीदी-बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि 10 किमी के बाहर से भी चिकन या अंडे लाने पर कार्रवाई की जाएगी।
कंट्रोल रूम बना, कई जगह मिली मृत मुर्गियां
बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम बनाया है। अब तक तीन स्थानों से मुर्गियों के मरने की सूचना मिली है। सकरी के पास एक पोल्ट्री फार्म के पास मुर्गियों के अवशेष मिले। जोंधरा में दो मुर्गियां मृत पाई गईं।
इसके बाद जोंधरा के लोग पोल्ट्री फार्म बंद कराने की मांग को लेकर जांच टीम पर दबाव बनाने लगे। घुटकू में भी कुछ मुर्गियों के मरने की सूचना मिली, लेकिन यह क्षेत्र 10 किमी दायरे से बाहर होने के कारण कार्रवाई नहीं की गई।
शासकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद चिकन और अंडों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।
कोनी में 135 घरों का सर्वे, तीन में हल्के लक्षण मिले
स्वास्थ्य विभाग ने कोनी क्षेत्र में 135 घरों का सर्वे किया। तीन लोगों में सामान्य सर्दी-बुखार के लक्षण पाए गए। टीम ने लोगों को साफ-सफाई, सुरक्षित भोजन और बीमार पक्षियों से दूरी रखने की सलाह दी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन विभाग सतर्कता बनाए हुए है।
शहर में रोजाना 50 लाख का कारोबार प्रभावित
जानकारों का कहना है कि शहर से लगे कोनी क्षेत्र के 10 किलोमीटर के दायरे में 150 दुकानें संचालित हैं, जहां रोजाना 20 टन चिकन और 3 लाख अंडों की बिक्री होती है। शहर में 24 रजिस्टर्ड चिकन सेंटर हैं।
लेकिन तिफरा, तोरवा, सकरी, सरकंडा, शनिचरी, बुधवारीबाजार और तालापारा समेत कई मोहल्लों में छोटे-बड़े सेंटर हैं, जहां रोजाना चिकन और अंडों की बिक्री होती है।
शहर के कई नॉनवेज रेस्टोरेंट बंद, चिकन नहीं का लगा पोस्टर
सत्यम चौक का 786 और अग्रसेन चौक का मद्रासी समेत नॉनवेज के लिए चर्चित रेस्टोरेंट बंद हैं। बाकी रेस्टोरेंट और कॉफी हाउस में पोस्टर लगाए गए, जिसमें लिखा है कि चिकन और अंडे के आइटम उपलब्ध नहीं होंगे।
हालांकि शुक्रवार को कुछ होटलों में चिकन और अंडों की बिक्री होती रही। जानकारी मिलने पर निगम का अमला यहां पहुंचा। इस दौरान होटल संचालकों को चिकन और अंडों की बिक्री नहीं करने की चेतावनी दी गई।
कलेक्टर बोले- टीम लगातार कर रही निगरानी
कलेक्टर संजय अग्रवाल का कहना है कि कोनी के 10 किलो मीटर के रेंज में चिकन और अंडा की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। ये नियम होटलों के लिए भी है। निगरानी के लिए अलग अलग टीमें बनाई गई है।
शहर के सभी इलाकों में चिकन सेंटर के साथ ही होटलों की भी निगरानी की जा रही है। लोगों से अपील है कि संक्रमण को देखते हुए चिकन और अंडों की खरीदारी न करें।
