DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण

कार्यों में तेजी लाकर जनवरी तक निर्माण पूर्ण करने के दिए निर्देश

कोरबा। उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने आज कोरबा जिले के ग्राम भूलसीडीह स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों, लेक्चर हॉल, अकादमिक ब्लॉक तथा डीन कार्यालय का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से निर्माण कार्यों एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंत्री श्री देवांगन को मेडिकल कॉलेज में विकसित की जा रही क्लिनिकल एवं पैरा-क्लिनिकल प्रयोगशालाओं, एनाटॉमी तथा फिजियोलॉजी विभाग सहित अन्य आवश्यक अधोसंरचनाओं के संबंध में जानकारी दी। मंत्री श्री देवांगन ने सभी विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आगामी जनवरी माह तक सभी कार्य पूर्ण करने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विगत 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर अनेक विकास कार्य किए गए हैं। उनके मार्गदर्शन में कोरबा जिले में भी विभिन्न विकास परियोजनाएं साकार हुई हैं, जिनमें भूलसीडीह मेडिकल कॉलेज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश नाग सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण अधिकारी उपस्थित थे।

Exit mobile version