DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सलीम राज को कैबिनेट मंत्री का दर्जा:15 जनवरी से पहले मंत्रिमंडल-विस्तार की चर्चा; बीजेपी की बैठक में आज नेताओं से हो सकती है बातचीत

रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ सरकार ने भाजपा के एक नेता को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया है। इस आदेश की जारी होने के साथ ही प्रदेश में 15 जनवरी से पहले मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा भी शुरू हो गई है। भाजपा कार्यालय में आज बैठक बुलाई गई है। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बड़े नेताओं से चर्चा हो सकती है।

सामान्य प्रशासन विभाग ने भाजपा नेता और वक्फ बोर्ड के प्रमुख डॉ सलीम राज को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया है। मंत्रालय से इसे लेकर आदेश जारी हो गया। बोर्ड के काम-काज को लेकर सलीज राज पूरे प्रदेश में घूम रहे हैं। मस्जिदों में तक़रीर को लेकर दिए गए आदेश की वजह से जगह-जगह उनका विरोध भी हुआ था।

सलीम राज को मंत्री का दर्जा देने का आदेश।

सलीम राज को मंत्री का दर्जा देने का आदेश।

क्या चल रहा पार्टी के अंदर

खबर है कि सरकार में असल असमंजस विभागों के बंटवारे को लेकर हैं। वित्त विभाग, आबकारी विभाग, स्कूल शिक्षा ऐसे विभाग हैं जो नए मंत्रियों को दिए जाएं या पुराने मंत्रियों का जिम्मा बरकरार रहे, इसे लेकर विचार मंथन चल रहा है।

साय कैबिनेट में किसे जगह मिलेगी ये चर्चा लोकसभा चुनाव के समय से जारी रही है, मगर अब तक कुछ तय हो न सका।

आज की इस बैठक में भी मंत्रिमंडल को लेकर बड़े नेताओं में बातचीत हो सकती है। तालमेल बना तो शपथ ग्रहण भी हो सकता है। हालांकि, शपथ ग्रहण को लेकर बहुत कुछ कहने से भाजपा के नेता फिलहाल बच रहे हैं।

नए मंत्री बनाने की हड़बड़ी नहीं

पार्टी का बड़ा खेमा ये भी मान रहा है कि नए मंत्री बनाने की कोई हड़बड़ी नहीं है। प्रदेश में निकाय चुनाव सिर पर हैं। चुनावी जिम्मेदारियों को पूरा करने के बाद ही संगठन इस पर विचार बनाएगा कि मंत्रिमंडल में कौन जाएगा।

10 से 12 जनवरी के आस-पास भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनाने की प्रक्रिया संगठन को पूरी करनी है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव अगर बदले गए तो फिर उन्हें मंत्रिमंडल में जगह मिलने की चर्चा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तय होने के बाद ही मंत्रियों को लेकर नई बातचीत संगठन में होगी।

Exit mobile version