DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में केबल कर्मचारी ने पिया जहर:2 महीने से नहीं मिली सैलरी, पत्नी से हुआ झगड़ा; ऑपरेटर पर लगाए गंभीर आरोप

कोरबा । बुधवार को 2 महीने से वेतन न मिलने के कारण केबल कर्मी ने जहर का सेवन कर लिया। परिजनों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने उसकी जान बचा ली। कर्मचारी ने केबल ऑपरेटर विक्की गुलाटी पर आरोप लगाया है कि उसने 2 माह का वेतन नहीं दिया है। जिसके कारण उसके परिवार को भूखे मरने की नौबत आ गई।

युवक का नाम रविंद्र सिंह है, जो पोड़ी बहार कोरबा का रहने वाला है। युवक का कहना है कि वह घंटाघर कोरबा में स्थापित एक केबल नेटवर्क कंपनी में काम करता है। उसे प्रतिमाह 8000 रुपए देने का आश्वासन दिया गया, लेकिन पिछले दो माह से उसे वेतन नहीं दिया गया।

पुलिस ने दर्ज किया युवक का बयान

मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने रविंद्र का बयान लेकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की सूचना सिविल लाइन पुलिस को दे दी है। जिला अस्पताल चौकी प्रभारी दाऊद कुजूर ने बताया कि जिला मेडिकल कॉलेज से मिले मेमो के आधार पर युवक का बयान दर्ज किया गया है।

मानसिक रूप से परेशान था युवक

दीपावली सीजन होने के कारण युवक वेतन की मांग कर रहा था, नहीं मिलने पर वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था। इसके बाद वह घर पहुंचा और पत्नी से विवाद हुआ। जिसके बाद उसने जहर सेवन कर जान देने की कोशिश की।

Exit mobile version