पटना,एजेंसी। ‘बिहार के लोगों का नाम वोटर लिस्ट से हटाना सही नहीं है। मैं तमिलनाडु से अपने भाइयों का समर्थन करने आया हूं।’
तमिलनाडु के CM एमके स्टालिन 27 अगस्त को बिहार के मुजफ्फरपुर में थे। महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होने आए थे, तभी उन्होंने ये बात कही। स्टालिन के आने से महागठबंधन को कितना फायदा होगा, ये कहना अभी मुश्किल है, लेकिन BJP को इससे एक मुद्दा मिल गया। वजह स्टालिन और उनकी पार्टी DMK के नेताओं के पुराने बयान हैं। इस पर बिहार के अलावा तमिलनाडु के BJP नेता भी ये बयान याद दिला रहे हैं।
स्टालिन की पार्टी के सांसद दयानिधि मारन ने बिहार के लोगों को टॉयलेट साफ करने वाला बताया था। ऐसे में स्टालिन को बिहार बुलाना महागठबंधन का मास्टर स्ट्रोक है या सेल्फ गोल।
वोटर अधिकार यात्रा 30 अगस्त को भोजपुर में थी। 31 अगस्त को ब्रेक के बाद एक सितंबर को खत्म हो जाएगी। स्टालिन 11वें दिन 27 अगस्त को मुजफ्फरपुर में यात्रा में शामिल हुए।
लोग बोले- राहुल और तेजस्वी बिहार को गाली देने वालों को बुला रहे
तमिलनाडु में बिहार से गए करीब 4.5 लाख वर्कर्स काम करते हैं। इनमें से करीब 2 लाख राजधानी चेन्नई में हैं। इसके अलावा कोयंबटूर और तिरुपुर में भी बिहार के मजदूर काम करते हैं। ज्यादातर कंस्ट्रक्शन, होटल और छोटे कारोबार से जुड़े हैं।
स्टालिन की पार्टी DMK के नेता बिहार के लोगों पर विवादित बयान देते रहे हैं। दिसंबर, 2023 में सांसद दयानिधि मारन का अंग्रेजी की अहमियत पर एक वीडियो सामने आया था। इसमें वे कह रहे है, ‘उत्तर प्रदेश और बिहार से आने वाले लोग, जिन्होंने सिर्फ हिंदी पढ़ी, वे तमिलनाडु में कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं, सड़कें और टॉयलेट साफ करते हैं। वहीं, अंग्रेजी जानने वाले हमारे बच्चों को आईटी सेक्टर में मोटी सैलरी मिलती है।’
दयानिधि मारन के इस बयान का तब RJD ने भी विरोध किया था। तेजस्वी यादव उस वक्त डिप्टी CM थे। उन्होंने कहा था, ‘DMK सामाजिक न्याय में यकीन रखने वाली पार्टी है, लेकिन उनके नेता के बयान की हम निंदा करते हैं। अगर बिहार, यूपी के लोग न जाएं तो दूसरे राज्यों के लोगों की जिंदगी ठप हो जाएगी।’
RJD समर्थक बोले- राहुल-तेजस्वी ऐसे लोगों को यात्रा से दूर रखें
महागठबंधन के समर्थक भी यात्रा में स्टालिन के आने से असहज हैं। मुजफ्फरपुर के दयानंद शर्मा कहते हैं, ‘राहुल गांधी और तेजस्वी का वोटर यात्रा निकालना सही है, लेकिन वे ऐसे लोगों को शामिल कर रहे हैं, जो हमेशा बिहारियों को गाली देते हैं।’

वोटर अधिकार यात्रा में राहुल गांधी के साथ स्टालिन। यात्रा में उनके साथ प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं।
यात्रा में शामिल मोहम्मद जुबैद राहुल और तेजस्वी की तारीफ करते हैं, लेकिन स्टालिन के आने से उन्हें एतराज है। वे कहते हैं, ‘मेरे नेता राहुल गांधी और तेजस्वी जी हैं। वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं, लेकिन ऐसे लोगों (स्टालिन) से दूरी बनाए रखना चाहिए। बिहार के लोग उनके यहां जाते हैं, तो वे बोलते हैं कि ये हमारे यहां टॉयलेट साफ करते हैं। ऐसे लोग सम्मान करने लायक नहीं हैं।’
RJD को वोट देने वाले चंद्रशेखर यादव कहते हैं, ‘तमिलनाडु के CM को हम नहीं जानते। जो बिहार को गाली देता है, वो बिहार के लिए कुछ है ही नहीं।’
मुजफ्फरपुर के ही मुकेश कुमार कहते हैं, ‘उन्होंने (महागठबंधन) बहुत बड़ी गलती की है। स्टालिन ने बिहारियों को गाली दी थी, उन्हें बिहार लाकर सभी बिहारियों को बेइज्जत करवा दिया।’
दरभंगा के राजेश कुमार कहते हैं, ‘तेजस्वी और राहुल वैसे व्यक्ति को शामिल कर रहे हैं, जो बिहारियों को इंसान नहीं समझते। वे कहते हैं कि बिहारी हमारे यहां साउथ में आकर टॉयलेट साफ करते हैं। हम राहुल और तेजस्वी से कहेंगे कि आप वोटर अधिकार यात्रा जरूर करें, लेकिन ऐसे लोगों से दूर रहें, जो बिहार के लोगों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाते हैं।’
