मुलमुला। खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही किसान खेतों में धान की फसल लगाने की तैयारी में लगे हैं। लेकिन नंदेली चौक के पास स्थित नहर की खराब हालत उनके लिए चिंता का कारण बनी हुई है। यह नहर कई वर्षों से टूटी हुई है और अब तक इसकी मरम्मत नहीं की गई है।
इस नहर से लगभग 200 एकड़ खेतों की सिंचाई होती है। किसानों का कहना है कि सिंचाई विभाग को कई बार मौखिक रूप से जानकारी दी गई, लेकिन अब तक सिर्फ औपचारिकता निभाई गई है। संतराम ने बताया कि नहर पार पिछले चार-पांच साल से क्षतिग्रस्त है। हर बार सीजन से पहले विभाग को जानकारी दी जाती है, लेकिन उचित मरम्मत के बजाय केवल अस्थायी इंतजाम किए जाते हैं। रबी सीजन में जब नहर में पानी छोड़ा गया, तब विभाग ने बोरी में मिट्टी भरकर वैकल्पिक व्यवस्था की थी, जो पर्याप्त नहीं रही। वर्तमान में भी बिना पक्के सुधार के सिर्फ मुरुम डालकर पार को भर दिया गया है।
